अधिकतम तापमान घटा, न्यूनतम बढ़ा
सोमवारको सुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे और दिन में भी ठंड बनी रही। मौसम विशेषज्ञ बीएल देवांगन ने बताया कि पश्चिम उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हुई है। जिसके बादल छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहे हैं। साथ ही दक्षिण-पूर्व से आने वाली नमीयुक्त हवाओं और उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का भी मौसम पर मिलाजुला असर है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी दिन में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी हो सकती है। सोमवार को बिलासपुर और पेंड्रा रोड में कुछ जगह बारिश हुई। यहां के मौसम पर तीन दिशाओं के मौसम का प्रभाव पड़ रहा है। जिससे मौसम सुहाना हो गया है।
आज भी मौसम के तेवर कुछ ऐसे ही रहेंगे
सोमवारको शहर का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 14.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 डिग्री घटकर 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान थोड़ा और घट सकता है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। बुधवार से मौसम सामान्य हो जाएगा।