प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार विजेताओं का हुआ सम्मान
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा वर्ष 2014 के लिए घोषित प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कारों विजेताओं में सेल-बीएसपी के 23 कार्मिकों के 4 समूहों ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता को प्रमाणित की है। बुधवार को बीएसपी के सीईओ ने इस्पात भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। सीईओ ने कहा कि 4 समूहों में 23 कार्मिकों द्वारा प्राप्त यह महान उपलब्धि वर्तमान परिस्थितियों में भिलाई बिरादरी के आत्मविश्वास को और भी संबल प्रदान करेगा।
उल्लेखनीय है कि घोषित पुरस्कारों में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के 1 समूह को श्रम भूषण, 1 समूह को श्रमवीर एवं 2 समूहों को श्रम श्री पुरस्कार प्रदान किये जाने की घोषणा की गई है। बीएसपी के ऊर्जा प्रबंधन विभाग के 1 समूह को श्रम भूषण पुरस्कार से नवाजा गया है इस समूह में कुल 6 कार्मिक चयनित किए गए। इनमें हुमन लाल दूधकौरव (मास्टर तकनीशियन), सैय्यद अकिल अहमद (चार्जमैन/सीनियर तकनीशियन), विजय कुमार विश्वकर्मा (चार्जमैन/सीनियर तकनीशियन), त्रियोगी नारायण जायसवाल, दिनेश कुमार मौर्या एवं पवन सिंह राज (तीनों तकनीशियन) शामिल हैं। उन्हें एक लाख नकद और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
श्रम श्री पुरस्कार : श्रम श्री पुरस्कार में बीएसपी के 2 समूहों को श्रम श्री पुरस्कार के लिए चयनित किए गए हैं। इसमें पहले समूह में 4 कार्मिकों का चयन हुआ है, प्लेट मिल विभाग के बलदाऊ प्रसाद सेन (सीनियर तकनीशियन), प्रेम किशोर सिंह (सीनियर आपरेटर), देवधर राम साहू (तकनीशियन) तथा सीईडी के राजेन्द्र कुमार दोरले (चार्जमैन) चयनित किए गए। दूसरे समूह में चयनित कर्मियों में एसएस शाॅप के जेवी श्रीनिवास (चार्जमैन-कम सीनियर तकनीशियन), विनय कुमार पाण्डेय (सीनियर तकनीशियन), समीर मोहरिल (चार्जमैन-कम सीनियर तकनीशियन), मार्स-1 विभाग के प्रदीप कुमार खापरे (सीनियर तकनीशियन) व जितेन्द्र कुमार बिसेन (चार्जमैन-कम सीनियर तकनीशियन, ईडीडी के जोगेंद्र कुमार (हेड ड्राफ्ट्समैन) तथा इंस्पेक्शन (सीएमई) के टी अहमद (इंसपेक्टर) शामिल हैं। जिन्हें 40 हजार रुपए की नकद राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
श्रम वीर पुरस्कार
वर्ष 2014 के लिये घोषित श्रम वीर पुरस्कार के लिए बीएसपी के ऊर्जा प्रबंधन विभाग के ही 1 समूह में 6 कार्मिकों का चयन किया गया है। इनमें शेख सबीर (चार्जमैन-कम मास्टर तकनीशियन), अशोक कुमार, प्रीतम सिंह पटेल, आशुतोष बिस्वास एवं हरि शंकर (चारों सीनियर तकनीशियन) तथा विनीत कुमार सोनी (तकनीशियन) शामिल हैं। इन्हें 60 हजार नगद और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।