रेलवे: रायपुर से लखनऊ जाने वाली गरीब रथ का दुर्ग तक होगा विस्तार
भिलाई|रायपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली द्वी साप्ताहिक गरीब रथ का विस्तार किया जाने वाला है। इस ट्रेन को गोंदिया से चलाने की मांग की जा रही थी, नए वित्तीय वर्ष में इसे दुर्ग से चलाने की तैयारी की जा रही है। इससे भिलाई पावर हाउस से उत्तर प्रदेश जाने वालों को पहली सीधी ट्रेन मिल जाएगी। उत्तर प्रदेश और बिहार में रहने वालों ने लखनऊ जाने के लिए एक अर्से से सीधी ट्रेन की मांग कर रहे थे। उनकी मांग को पिछले दिनों जोन कार्यालय बिलासपुर में हुई सांसदों की बैठक में रायपुर सांसद रमेश बैस ने उठाया था। इस पर जीएम सत्येंद्र कुमार ने भी सहमति जाहिर की थी। ट्रेन के विस्तार का प्रस्ताव बनाकर बोर्ड को भेजा गया है।