स्वर्णभूमि काे हराकर एटी सॉलिटेयर्स पहुंची फाइनल में
भिलाई|यंगिस्तान के छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग के आठवें दिन खेला गया पहला मैच बेहद रोमांचक रहा। जिसमें एटी सॉलिटेयर्स ने जीत दर्ज की। 141 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही एटी सॉलिटेयर्स का रन औसत लगातार अच्छा बना रहा किन्तु मैच अंतिम ओवर में रोमांच तक जा पहुंचा। एटी सॉलिटेयर्स ने प्रारंभ से ही अच्छी और सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। एटी ने अपना पहला विकेट 41 रन के स्कोर पर सातवें ओवर में गंवाया। संगीत सोनी 37 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। उन्हें कप्तान प्रतीक सिन्हा ने स्क्वेयर लेग बाउंड्री पर लपक लिया। इसके बाद कप्तान नितीश राव स्वयं बल्लेबाजी करने आए। दूसरा विकेट 82 रन के स्कोर पर गिरा। 13वें ओवर में एटी ने तीन विकेट खोकर 92 रन बना लिए थे। चौथा विकेट 116 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद कप्तान नीतीश राय 39 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर एलबीडब्ल्यू हो गए। 18वें ओवर में स्कोर था 5 विकेट के नुकसान पर 127 रन। पर बाकी रन बनाने के लिए टीम को आखिरी ओवर तक का इंतजार करना पड़ा। अंतिम ओवर में 5 गेंद पर 5 रन, फिर 4 गेंद पर 4 रन की जरूरत थी। एक चौका मारकर विक्रांत ने मैच झोली में कर लिया।