भिलाई। पुलिस के विवेचना अधिकारियों की लापरवाही की वजह से ही आरोपियों को लाभ मिलता है, वे सबूत के अभाव में छूट जाते हैं। इससे पुलिस पर से लोगों का विश्वास घटना है। विवेचक की ईमानदारी पर भी सवाल उठते हैं। शनिवार को भिलाई होटल में स्मार्ट पुलिसिंग पर हुए राज्य स्तरीय सेमीनार में संचालक जिला अभियोजन रायपुर एमएम देशपांडे ने विवेचना अधिकारियों को यही सीख दी।
इस एक दिवसीय सेमीनार में प्रदेश के कई जिलों के विवेचक और पुलिस अधिकारी कानून के जानकार शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी नक्सल आपरेशन आरके विज थे। जिला अभियोजन देशपांडे ने बताया कि विवेचना में गलती कानूनी प्रक्रिया की जानकारी ठीक से नहीं होने की वजह से होती है। जबकि आज पुलिस को ज्यादा सावधानी से विवेचना करने की जरूरत है।
महिलाओं, बच्चों पर होने वाले अपराध बढ़ रहे हैं, इन्हें रोकने और दोषी को सजा दिलाने की जिम्मेदारी पुलिस की है। उन्होंने धारा 41 (1-4) के बारे में बताया कि पहले पुलिस को केवल गिरफ्तार करने का अधिकार था। अब उसे गिरफ्तार नहीं करने का अधिकार भी मिल गया है।
तनाव पर नियंत्रण जरूरी : साइकोटिस्ट डा प्रमोद गुप्ता ने कहा विवेचक को अपने तनाव और भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए क्योंकि इससे विवेचना प्रभावित होती है। आरोपी को इसका लाभ मिलता है। विवेचना अधिकारी चाहकर भी प्रार्थी के साथ न्याय नहीं कर पाता। नागपुर से आए वक्ता विशाल सक्सेना और कमलेश वाल्दे ने एटीएम में धोखाधड़ी इससे बचाव के तरीकों के बारें में बताया। आईजी प्रदीप गुप्ता ने कहा- साइबर क्राइम ने सीमाएं पार कर दी, इसे पुलिस को समझना होगा।
गिरफ्तार करने के अधिकार का हो सदुपयोग : देशपांडेने कहा कि पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के अधिकार का विवेक के साथ सदुपयोग करना चाहिए। पुलिस को केस डायरी में यह भी लिखना चाहिए कि उसने आरोपी को क्यों गिरफ्तार किया या क्यों गिरफ्तार नहीं किया। इससे कोर्ट के सामने विवेचना की पारदर्शिता बनी रहती है। कानून में गिरफ्तार करने या नहीं करने की स्थितियों के बारे में स्पष्ट किया गया है।
आईजी विज ने कहा कि पुलिस को अपराधों के व्यावसायिक ज्ञान और समाधान करने में सक्षम होना जरूरी है। आईजी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि साइबर क्राइम ने सीमाएं पार कर दी हैं। पुलिस को इन्हें समझना होगा।
सेमीनार: भिलाई होटल में स्मार्ट पुलिसिंग पर किया गया मंथन, पर्याप्त सबूत जुटाने पर दिया गया जोर ।
(शनिवार को भिलाई होटल में स्मार्ट पुलिसिंग पर हुए सेमीनार में उपस्थित पुलिस अफसर।)