पूजा के पहले मिल सकता है पीआरपी
बीएसपीअफसरों को दुर्गा पूजा के पूर्व परफार्मेंस रिलेटेड पे (पीआरपी) का भुगतान किया जा सकता है। प्रबंधन से चर्चा के दौरान मिले संकेतों के आधार पर सेफी के वाइस चेयरमैन केडी प्रसाद ने यह जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो संगठन के बैनर तले अफसर धरने पर बैठ जाएंगे।
वर्ष 2012-13 का पीआरपी सेल अफसरों को अब नहीं मिला है। हालांकि प्रबंधन ने जुलाई में इसकी घोषणा जरूर कर दी थी, लेकिन सेफी ने उसका विरोध कर करते हुए पीआरपी लेने से इंकार कर दिया। सेफी के विरोध की वजह यह है कि प्रबंधन द्वारा पूर्व में किए गए इनसेंटिव भुगतान की रकम पीआरपी से काटे जाने के साथ ही सी ग्रेड वाले अफसरों को पीआरपी से अलग रखा गया है। सेफी वाइस चेयरमैन प्रसाद का कहना था कि बीएसपी सेल की सबसे अधिक प्रॉफिट देने वाली यूनिट होने की वजह से उनके अफसरों को इनसेंटिव भी सबसे अधिक दिया गया।
ऐसे में पीआरपी संबंधी प्रबंधन के प्रस्ताव लागू हो गया तो सबसे अधिक नुकसान बीएसपी के अफसरों को ही होगा। संगठन के विरोध को देखते हुए प्रबंधन ने भी पीआरपी का भुगतान रोक दिया। उसके बाद से मामला पेंडिंग है। तीन दिन पूर्व सेल बोर्ड की बैठक में भी इस पर निर्णय होने के बाद सेफी ने प्रबंधन पर दबाव बनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।