नाकेबंदी में फंसी कार, पुिलस ने बरामद किए 11 लाख रुपए
डीडी नगर पुलिस को नाकेबंदी के दौरान महादेव घाट पूल पर पाटन की ओर से आ रही एक कार से करीब पौने ग्यारह लाख रुपए मिले हैं। पुलिस ने पैसा जब्त कर लिया और कार सवार एकाउटेंट को थाने ले गई। बड़ी रकम मिलने की सूचना आईटी विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही आईटी के अफसर भी मौके पर पहुंचे। चार घंटे की जांच के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। मंगलवार को शाम शहर में नाकेबंदी की गई थी। शहर में आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की जांच की जा रही थी। पाटन के ग्राम फुंडा निवासी आशीष चौबे पैसा लेकर सीए संतोष बनाकर के पास रायपुर आ रहे थे।
वे एग्रो साइंस प्रॉ.लि. कंपनी में एकाउटेंट है। उन्हें महादेव घाट में डीडी नगर पुलिस ने जांच के लिए रोक लिया। उन्हें कार से उतारकर तलाशी ली गई। कार के अंदर रखे बैग में पुलिस को नोटों को बंडल मिला। आशीष ने बताया कि वह पैसे पेमेंट करने आया है। पैसे को पेट्रोल पंप में पेमेंट करना है। पुलिस ने शंका के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया। उसके सीए संतोष को बुलाया गया। पुलिस ने बैंक की पूरी जानकारी निकाली। यहां तक जहां पेमेंट करना था वहां पुलिस की टीम आशीष को लेकर गई और पेमेंट की जानकारी ली।
जब आशीष के दिए गए बयान और बैंक की रिपोर्ट सही पाई गई ताे उसे छोड़ दिया गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि भिलाई में हुए लूट के बाद शहर में हाई अलर्ट किया गया था।