दिशा स्टार्स ने कोरबा फाइटर्स को दी शिकस्त
छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग के सातवें दिन मंगलवार को दिशा स्टार्स व कोरबा फाइटर्स के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कोरबा फाइटर्स को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी फाइटर्स बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाई और 20 ओवर में 132 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
कप्तान जावेद ने 25 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाए। हर्ष शर्मा ने 24 गेंद खेलकर 3 चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। वही वेदांत ने 18 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाए।
सोहेल ने 14 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए। 20वें ओवर में पूरी टीम 132 रन बनाकर आउट हो गई। पहला विकेट 22 रन के कुल स्कोर पर, दूसरा 43, तीसरा 60, चौथा विकेट 76 रन के कुल स्कोर पर गिर गया। 120 रन के स्कोर पर दो विकेट और गिरे। इसके बाद 121, 125, 127 और 132 रन के कुल स्कोर पर एक के बाद एक सभी विकेट गिर गए। दिशा स्टार्स की तरफ से मनोज सिंह ने 35 रन देकर 3 विकेट, अभ्युदय कांत ने 13 रन देकर 2 विकेट, गगनदीप ने 13 रन देकर 2 विकेट तथा मोहम्मद इरफान और योगेश ने एक एक विकेट लिए।
133 के टारगेट का पीछा करने उतरी दिशा स्टार्स ने 17.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 136 रन बना लिया। टीम ने एक चौके की मदद से रिक्वायर्ड रन बटोर लिए। इस जीत के साथ ही दिशा स्टार्स ने लीग के दो मैच जीत लिए हैं। दिशा स्टार्स की तरफ से कप्तान रोहित ध्रुव ने शानदार कप्तानी पारी खेली और 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए। वहीं पी विवेक ने 34 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 43, करमदीप ने 24 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाए। फाइटर्स की तरफ से आरिफ, अभिषेक खरे और हर्ष ने एक एक विकेट लिए।
दोनों पुरस्कार कप्तान राेहित ध्रुव की झोली में
रायपुर पावर मैक्सिमम सिक्स और सीएसआईटी मैन ऑफ द मैच के दोनों पुरस्कार दिशा स्टार्स के कप्तान रोहित ध्रुव ने अपने नाम कर लिया। ये पुरस्कार सीपीएल के चेयरमैन मनीष पांडेय के दादा रामजतन पांडेय, वरिष्ठ नागरिक रमेश माने, यंगिस्तान के सहसंयोजक प्रशांत पांडेय तथा पार्षद लाडी ने प्रदान किया।
आज की टेक्निकल टीम
अंपायर अनिल सिंह एवं सुनील डडसेना, थर्ड अंपायर टीएस राव, मैच रेफरी अवधेश गुप्ता, स्टैटिस्टीशियन सचिन टांक, स्कोरर विनोद देवघरे एवं संतोष ठाकुर रहे। वहीं कमेन्ट्री एंड एक्सपट्र्स वी मोहन दास, आरएस बिसेन, एम श्रीनिवास, भास्कर गोस्वामी, अभय मोहरिल और होस्ट भाष्वती रामपाल रहे।
मैच के हाईलाइट्स
आज के मैच में मैक्सिमम स्कोरिंग चौकों और छक्कों की मदद से हुई। मैच के दोनों इनिंग्स में 13 विकेट गिरे जिसमें 8 बोल्ड, जबकि 4 कैच आउट हुए। एक बैट्समैन रन आउट हुआ।