जहां बनना है बच्चों के लिए गॉर्डन वहां रसूखदारों ने कर लिया कब्जा
नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। निगम सामान्य लोगों के कब्जे तो हटा रहा है, लेकिन रसूखदारों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। वार्ड नं. 14 जवाहर नगर में इसका बड़ा उदाहरण गुरुवार को देखने को मिला। जब निगम का अमला अवैध कब्जा गिरा रहा था। लोगों ने शिकायत की कि बच्चों के गॉर्डन पर भी रसूखदारों ने कब्जा कर रखा है। निगम उन पर कार्रवाई कब करेगा? इसका मौके पर मौजूद अफसर जवाब दे नहीं पाए।
नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन समेत अन्य लोगों ने इसकी शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि जवाहर नगर में करीब तीन से चार एकड़ जमीन निगम के अधीन है। जहां अवैध कब्जा धीरे-धीरे बढ़ते जा रहा है। यहां गॉर्डन बनाने की भी योजना है। लेकिन कब्जे के कारण काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम रसूखदारों को संरक्षण दे रहा है। इसलिए उन पर कार्रवाई के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कलेक्टर से होगी शिकायत: नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कब्जे की मौखिक शिकायत गुरुवार को आयुक्त नरेंद्र दुग्गा से की। उन्होंने कार्रवाई को लेकर आश्वास्त किया है। वहीं सोमवार को कलेक्टर के जनदर्शन में लिखित शिकायत की जाएगी। ताकि जमीन को रसूखदारों से मुक्त कराया जाए।
रसूखदारों के नाम पर बोर्ड: निगम की जमीन पर कब्जाधारियों ने बाकायदा अपने नाम का बोर्ड लगा दिया है। ताकि उस जमीन पर कोई और अतिक्रमण न कर सके। विडंबना ये है कि, इसके बारे में निगम के अफसरों को खबर नहीं है।
शिकायत मिली है, जांच के बाद कब्जा हटाया जाएगा
निगम की जमीन पर जो भी अतिक्रमण करेगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जवाहर नगर में कुछ लोगों द्वारा निगम की जमीन पर अतिक्रमण करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं उन्हें हटाया भी जाएगा। नरेंद्र दुग्गा, आयुक्त, नगर निगम भिलाई
गुरुवार को वार्ड 14 पहुंचे अमले को अवैध कब्जे की शिकायत करते वार्डवासी।