- Hindi News
- कर्मियों कब्जेधारियों के बीच मारपीट, पार्षद घायल
कर्मियों कब्जेधारियों के बीच मारपीट, पार्षद घायल
खुर्सीपारतेलहा नाला के पास बीएसपी की जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे कर्मियों को कब्जेधारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। जिसमें वार्ड 29 के पार्षद अनिल सिंह घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों ने खुर्सीपार थाने पहुंच कर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल पार्षद को मुलाहिजा के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया।
घटना गुरुवार शाम 4.30 बजे की है। बीएसपी इनफोर्समेंट के एजीएम विजय शर्मा दलबल के साथ खुर्सीपार में तेलहा नाला के पास प्रबंधन की जमीन पर हो रहे कब्जे को ढहाने पहुंचे। कब्जेधारी करीब 4 हजार वर्गफुट जमीन घेरने के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा रहे थे। प्लिंथ लेवल तक का निर्माण हो चुका था और दीवार खड़ी करना बाकी थी। इनफोर्समेेंट टीम ने सब्बल, कुदाली से निर्माणाधीन ढहाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पार्षद अनिल सिंह मोहल्ले के लोगों के साथ धमके और कार्रवाई का विरोध करने लगे। बावजूद टीम ने कार्रवाई नहीं रोकी तो लोग उनके सामने खड़े हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे की पिटाई करने लगे।
जुर्म दर्ज करने पुलिस पर बनाया दबाव
मारपीटकी घटना के बाद दोनों पक्ष खुर्सीपार थाने पहुंच गए। यहां वे एक-दूसरे के खिलाफ जुर्म दर्ज कराने टीआई पर दबाव बनाने लगे। बीएसपी इनफोर्समेंट टीम ने थाने पहुंचने के पहले ही सीएसपी छावनी नरेंद्र शर्मा को मोबाइल पर घटना की जानकारी दे दी थी। बताया गया कि पार्षद ने जिले के एक मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई। दबाव के कारण देर शाम तक पुलिस किसी भी पक्ष के खिलाफ जुर्म दर्ज नहीं कर पाई थी।
पार्षद ने कहा-झूमाझटकी के दौरान गिरने से आई चोट
पार्षदअनिल सिंह का कहना है कि सिर पर चोट झूमाझटकी के दौरान गिरने से आई। ईंट से खुद को नहीं मारा। उनका कहना है कि लोगों में गुस्सा इस बात को लेकर इनफोर्समेंट टीम लोगों को देख-देख कर कार्रवाई करती है। खुर्सीपार में कई बड़े लोगों ने बीएसपी की जमीन पर करोड़ों का मकान बना लिया लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। छोटे लोग रोजगार के लिए उसकी जमीन पर कुछ करना चाह रहे हैं तो टीम तत्काल कार्रवाई करने पहुंच जाती है।
पार्षद ने ईंट से खुद को मारा : बीएसपी
इनफोर्समेंटटीम के सदस्यों ने बताया कि विवाद के दौरान पार्षद अनिल सिंह ने जमीन पर पड़ा ईंट उठाया और खुद के सिर पर मारने के बाद उन पर हमला करने के उद्देश्य से ईंट लेकर उनके पीछे दौड़ने लगे। जिसे देख भीड़ भी पीछे आने लगी। उनके हाथों में दीवार ढहाने लाए गए सब्बल, रॉड अन्य सामान थे। जिसके कारण उन्हें मौके से भागना पड़ा। सदस्यों का यह भी कहना है कि कब्जा लोग नहीं पार्षद कर रहा था। आगे चलकर उसकी योजना प्लाट बनाकर बेचने की थी।
^दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत की है। अभी मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।\\\'\\\' एमबीपटेल, टीआई, खुर्सीपार थाना
तेलहा नाला के पास बीएसपी की जमीन पर कब्जा कर किया जा रहा था निर्माण, गुरुवार को हटाने पहुंचा था अमला।