पुलिस नहीं रोक पायी चोरी तो व्यापारियों ने 90 प्रतिशत दुकानों में लगाए सीसीटीवी और सर्च टॉवर, डेढ़ साल से नहीं हुई वारदात
शहर का सबसे व्यस्त बाजार पावर हाउस। एक समय था, जब यहां हर दूसरे दिन कोई न कोई चोरी की घटना होती थी। जबकि बगल में छावनी थाना है। जहां पुलिस की पेट्रोलिंग भी फेल हो गई थी। व्यापारियों ने मार्केट की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठा ली। व्यापारियों की पहल से मार्केट के प्रवेश द्वार से लेकर अंतिम चाैक तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। देखते ही देखते डेढ़ साल में पूरे मार्केट के व्यापारियों ने सिक्योरिटी के इस पैटर्न को अपना लिया। आज यह मार्केट शहर का सबसे सुरक्षित और सीसीटीवी कैमरे से लैस वाला बाजार बन गया है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में 16 नए कैमरे भी लगाए जाएंगे। इन कैमरों को ऑपरेटिंग करने एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। जहां व्यापारियों ने अपने खर्चे से सर्च टॉवर लगा रखा है। जो विरोध करते थे वह भी इस अभियान में शामिल हो गए।
पावर हाउस मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे।
32 कैमरे और लगाए जाएंगे
मार्केट के व्यापारी व युवा चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रेसिडेंट अजय भसीन ने बताया कि दुकानों के अलावा मार्केट परिसर में 20 कैमरे लग चुके हैं। 32 और कैमरे लगाने की प्लानिंग चल रही है। साथ ही सुपेला होजियरी मार्केट, सेक्टर-6 मार्केट और आकाश गंगा में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए व्यापारियों से बातचीत चल रही है।
कैमरे से मदद मिली, इसलिए ज्यादा जागरूक हुए
मार्केट के व्यापारी सुरक्षा को लेकर अलर्ट हैं। पिछले साल मार्केट की मिठाई दुकान में एक लाख रुपए की उठाईगिरी हुई थी। वारदात को तीन महिलाओं ने अंजाम दिया, जिन्हें पुलिस ने दो घंटे में ही पकड़ लिया। पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए वाट्सअप का सहारा लिया। पुलिस को आरोपी महिलाओं की फोटो सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वाट्सअप में मिली। जिसे उन्होंने क्राइम ब्रांच, सभी टीआई और अफसरों के स्मार्ट फोन में वाट्सअप से भेजा। दस मिनट में ही फोटो वायरल हो गई।
सोशल साइट पर ग्रुप बनाकर एक्टिव
सर्कुलर मार्केट के साथ-साथ जवाहर मार्केट में ज्वेलर्स, कपड़े, मिठाई, जूते-चप्पल समेत अन्य दुकानें हैं। यहां के व्यापारियों ने फ्रेंड्स ग्रुप बनाया है। इसमें 100 मेंबर है। सभी सदस्य इलाके में होने वाली हरेक गतिविधियों पर नजर रखते हैं। मार्केट में कुछ भी हो, तत्काल वाट्सअप में अपलोड करते हैं और उसे शेयर कर देते हैं।
95 में से 90 दुकानों में कैमरे
सर्कुलर मार्केट के अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा बताते हैं कि, मार्केट में कुल 90 से 95 दुकाने हैं। इनमें से 80 दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सिर्फ चना-मुर्रा और पान ठेले को छोड़ दे तो बाकी सभी दुकानों के संचालकों ने कैमरे लगाकर सुरक्षा बढ़ाई है। इसका पूरा लाभ मिल रहा है।