राजधानी के बाद पुलिस मोबाइल एप अब दुर्ग-बिलासपुर से भी
रायपुर | राजधानी में छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए कुछ महीने पहले लांच किया गया पुलिस का आनलाइन एप सिटीजन कॉप अब दुर्ग और बिलासपुर से भी जल्दी शुरू होगा। मौके से ही सीधी शिकायत और उनके हल के मामले में उपयोगी साबित हुए इस एप को राजधानी में सिर्फ पांच महीने में 12 हजार लोगों ने इस्तेमाल किया है। इसीलिए इसे बड़े शहरों में ले जाया जा रहा है।
बिलासपुर और दुर्ग के एएसपी-डीएससी से लेकर कंप्यूटर आपरेटर तक को राजधानी में शुक्रवार को सिटीजन कॉप के संचालन और कार्यशैली की ट्रेनिंग दी गई। पुलिस लाइन में मास्टर ट्रेनिंग कार्यक्रम में आईजी जीपी सिंह ने मौजूद अफसरों को इसकी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजी आरके विज ने किया। दुर्ग और बिलासपुर में भी इंदौर की ही एजेंसी इस एप को इंस्टाल करेगी।
देश का पहला एप : एडीजी विज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बैठक में कई राज्यों की पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर अपने उपाय बताए थे। कुछ अफसरों को पीएम ने इसके लिए सम्मानित भी किया था। उनके मुकाबले रायपुर में चल रहा सिटीजन कॉप एप ज्यादा उपयोगी है और इसमें विकल्प भी काफी हैं।
इसीलिए इसे पूरे प्रदेश में लांच किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन शिकायतों के मामले में अब रायपुर के साइबर सेल की ताकत और बढ़ाई जा रही है। इसके लिए नए साफ्टवेयर और हाईटेक मशीनों की खरीदी भी की जाएगी।