आवारा मवेशियों पर टैग लगा रहा निगम
दुर्ग|नगर निगमआवारा मवेशियों को पकड़ने के बाद उन्हें पहचान देने के लिए टैग लगा रहा है। काउकैचर दल ने अब तक 22 आवारा मवेशियों में टैग लगाया है। वहीं जुर्माना बढ़ाने के कारण कोलिहापुरी में बंद 35 गायों को उनके मालिकों ने नहीं छुड़ाया। जिसके कारण ग्राम पंचायत के निर्देश पर गांव में ही उन्हें नीलाम कर दिया गया। आयुक्त एसके सुंदरानी ने लोगों से अपने मवेशियों को बांध कर रखने, बाजार अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला नहीं छोड़ने की अपील की है। निगम के काउकैचर दल ने गुरुवार को प्रभारी शिव शर्मा एवं बीरेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों से 10 गायों को पकड़कर कांजी हाउस में बंद कराया। मवेशियों की पहचान के लिए सभी गायों में टैग लगाया गया। कोलिहापुरी पंचायत के सचिव ने बताया कि केलाबाड़ी के सुरेश कुमार यादव, शिवपारा के फकीर राम, बैगापारा के दिनेश यादव कचहरी वार्ड के बलराम सोनी ने 1500-1500 रुपए जुर्माना अदा कर अपनी गाय छुड़ाया। उन्होंने बताया गायों को छुड़ाने वाले आवेदक से पहचान के रूप में उनका मतदाता फोटो परिचय पत्र लिया जा रहा है ताकि दोबारा मवेशी छुड़ाने आने पर उनसे आदेशानुसार अधिक जुर्माना लिया जा सके। उन्होंने बताया कि 10 दिन में मवेशी नहीं छुड़ाने पर उन्हें नीलाम कर दिया जाता है।