- Hindi News
- कर्मियों के तबादले पर रोक लगाने श्रमिकों का प्रदर्शन
कर्मियों के तबादले पर रोक लगाने श्रमिकों का प्रदर्शन
रसमड़ास्थित रायपुर स्टील के बाहर सोमवार को पूरे दिन श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कई बार तनाव की स्थिति बनी, जिसे देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
जानकारी के मुताबिक प्रबंधन ने कंपनी के करीब 22 कर्मियों का तबादला लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, जांजगीर चांपा कर दिया है। सभी कर्मी छत्तीसगढ़ इंजीनियरिंग कर्मचारी संगठन से जुड़े हुए हैं। उनके द्वारा पिछले दिनों शासन के तय नियमों की अनदेखी पर प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया था। तबादले को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। इस कारण संगठन के एचके मिश्रा, विक्रम जनबंधु, ओम प्रकाश यादव, केके मिश्रा, अखिलेश पांडेय, नीतेश सेन, अविनाश चंद्राकर, विजय कुमार सहित तीन सौ अधिक कर्मचारी कंपनी के बाहर जुटे।
उन्होंने काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। वे तबादला रद्द करने की मांग करते रहे। जानकारी के बाद सहायक श्रम आयुक्त बीपी तिवारी, टीआई पुलगांव एलएस कश्यप आदि मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन धरना देर शाम तक जारी रहा। एचएस मिश्रा ने कहा कि प्रबंधन दो दिनों से कुछ कर्मचारियों को प्लांट के अंदर बंधक बनाकर रखे हुए है। उनसे 24 घंटे काम लिया जा रहा है। उन्हें बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके अलावा कई छोटे फर्मों का लाखों रुपए प्रबंधन ने नहीं दिया है। वे भी धरने का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि तबादला निरस्त नहीं किया गया, तो आंदोलन जारी रहेगा।
रसमड़ा स्थित रायपुर स्टील के बाहर प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते श्रमिक।