- Hindi News
- मंत्रियों का इस्तीफा समस्या का समाधान नहीं
मंत्रियों का इस्तीफा समस्या का समाधान नहीं
उच्चशिक्षा राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि मंत्रियों का इस्तीफा किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। वे बिलासपुर नसबंदी कांड एवं बस्तर में जवानों पर नक्सली हमले के मामले में राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन भारत विकास संगम के संरक्षक केवी गोविंदाचार्य द्वारा मंत्रियों का इस्तीफा मांगने पर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि गोविंदाचार्य अच्छे आदमी और वक्ता हैं। वे ऐसा बोल सकते हैं, लेकिन इस्तीफा लेना है या नहीं यह शासन को तय करना है।
मंत्री पांडेय मंगलवार की शाम जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 12 दिसंबर को रायपुर में आगमन और सम्मेलन के मद्देनजर आयोजित बैठक में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में नक्सली गतिविधियां सर्वाधिक हुई हैं। इसलिए हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। वे लगातार नक्सलियों से लोहा लिए हुए हैं। उन्होंने गोविंदाचार्य की टिप्पणी पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी अभिव्यक्ति का अधिकार है। भाजपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में माहौल होने पर उन्होंने कहा कि इसका पता चुनाव के बाद चलेगा।
अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। सदस्यता अभियान को कांग्रेसियों को द्वारा आचार संहिता उल्लंघन बताने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों का काम है, आरोप लगाना। उन्होंने प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी के मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत किया। महापौर प्रत्याशी तय करने के मामले में उन्होंने कहा कि जल्द ही संभागीय समिति की बैठक होनी है, जिसमें नाम तय किए जाएंगे।
बैठक में पूरे समय सदस्यता अभियान को लेकर रायपुर में 12 दिसंबर को आयोजित सम्मेलन का मुद्दा छाया रहा। प्रदेश उपाध्यक्ष हेमचंद यादव, केबिनेट मंत्री पांडेय रमशीला साहू, विधायक सांवलाराम डाहरे, दयाराम साहू, जिला अध्यक्ष थानू राम साहू, डॉ. शिवकुमार तमेर, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महामंत्री कांतिलाल बोथरा, संतोष सोनी, दिनेश देवांगन आदि मौजूद थे। पांडेय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारी को समझें। सम्मेलन में अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारियों एवं सभी सक्रिय सदस्यों को ही प्रवेश की पात्रता है। सदस्यों की सूची मंडल अध्यक्ष 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे तक कार्यालय में जमा कर दें।
कार्यकर्ता शामिल होंगे शाह के कार्यक्रम में
जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में हुई बैठक में सदस्यता अभियान पर भी की गई चर्चा।