अब तक 17 हजार किसानों को ही मिल सका मुआवजा
जिले में सूखा प्रभावित किसानों को जिला प्रशासन द्वारा मुआवजा राशि जारी किए जाने का क्रम जारी है। प्रशासन ने 23 हजार से ज्यादा किसानों को मुआवजा के लिए चिन्हित किया है। इसमें अब तक 17 हजार 847 किसानों को ही मुआवजा राशि जारी हो पाई है। इस मामले में किसानों के बैंक खाते, सत्यापन सहित अन्य दिक्कतों के चलते राशि ट्रांसफर किए जाने में राजस्व महकमे को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि जिले के किसानों को मुआवजा राशि देने के लिए शासन ने जिला प्रशासन को करीब साढ़े 12 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। अब तक प्रशासन के तरफ से करीब साढ़े नौ करोड़ रुपए किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। शेष किसानों के बचत खातों में सहायता राशि जमा किया जाना जारी है। जिले के सूखा प्रभावित 358 गांवों में सर्वे व अनावरी रिपोर्ट के आधार पर 23 हजार 80 किसानों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया है। दुर्ग के 50 गांव में 2949, धमधा के 155 गांव में 10 हजार 538, पाटन के 153 गांव में 09 हजार 593 किसान चिन्हित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 23 हजार 80 किसान सूखा प्रभावित चिन्हित किए गए हैं।
इसमें दुर्ग के 2695, धमधा के 8766, पाटन के 8749 किसानों के प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत प्रकरणों में दुर्ग के 2395 किसानों को एक करोड़ 15 लाख 19 हजार 358, धमधा के 8766 किसानों को चार करोड़ 34 लाख 82 हजार 681, पाटन के 6686 किसानों को चार करोड़ 26 लाख पांच हजार दो सौ रुपए की सहायता राशि जारी की जा चुकी है। शेष 2870 किसानों को भी जारी किया जा रहा है।