समय पर शिकायतों का करें निराकरण
मुख्यमंत्री जनदर्शन, सामान्य प्रशासन विभाग, कलेक्टर जनदर्शन, टीएल में प्राप्त शिकायतों का निराकरण करने नहीं हो रहा है। इसे लेकर आयुक्त एसके सुंदरानी ने शनिवार को निगम अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से समय सीमा के भीतर आवेदनों और शिकायतों पर कार्रवाई करने कहा। अन्यथा विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहने कहा। गौरतलब है कि जनदर्शन और टीएल की शिकायतों के लिए आयुक्त ने एक सप्ताह में दूसरी बार बैठक ली। जो इस ओर इशारा करता है कि अधिकारी अाम जनता के आवेदनों और शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसकी वजह से आयुक्त को सख्ती करनी पड़ रही है। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, सामान्य प्रशासन विभाग, कलेक्टर जनदर्शन, टीएल से प्राप्त पत्रों का जवाब समय सीमा में नहीं दिया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे निगम की छवि भी धूमिल हो रही है। इसलिए सभी को पत्रों का अध्ययन कर, जांच और परीक्षण के बाद जवाब दें। अन्यथा जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा-निगम को बढ़ानी होगी आय
आयुक्त ने कहा कि शासन ने नगर निगम की स्वयं की आय में वृद्धि करने निर्देश दिया है। इसलिए टैक्स वसूली और दुकान किराया वसूली सख्ती से की जाए। विज्ञापन शुल्क सहित विभिन्न स्रोतों से प्राप्त आय को समय सीमा में जमा किया जाए। कार्यपालन अभियंता एके दत्ता, भवन अधिकारी राजेश पांडेय आदि मौजूद थे।