पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आदिवासी नेतृत्व राज्य सरकार के निशाने पर : बघेल

आदिवासी नेतृत्व राज्य सरकार के निशाने पर : बघेल

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कांकेर|कांग्रेस मेंबदलाव के लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करने कांकेर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी नेतृत्व को खत्म करने में लगी हुई है। सरकार कांग्रेस के आदिवासी विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा रही है।

बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने बस्तर संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। उन्होंने भाजपा सरकार पर पंचायत चुनाव के नतीजे बदलने के आरोप को दोहराया। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर जमकर तीर छोड़े। शहर के नए कम्युनिटी हाल में आयोजित सम्मेलन में बघेल ने सभा को संबोधित कर कहा कि भाजपा दबाव बनाकर कांग्रेस को हराने का काम कर रही है।

कहीं मतगणना में तो कहीं टेबुलेशन में परिणामों में फेरबदल किया जा रहा है। हमें इसका मौके पर ही विरोध करना है क्योंकि इसके लिए न्यायालय में जाने पर काफी लंबा समय लग सकता है। गांधीवादी तरीके से ही इसका विरोध करना होगा। दिसंबर माह में मनरेगा के कार्य स्वीकृत हो जाते थे और जनवरी फरवरी में कार्य शुरू हो जाते थे लेकिन इस सत्र में अब तक ऐसा नहीं हुआ है।



बघेल ने कहा कि प्रत्येक वह कार्यकर्ता जिसके पास जाब कार्ड है वह सचिव से कार्य की मांग करे, आवेदन दे और बोले हमें काम दें, यह उसका हक है।





कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव, प्रदेश महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी, राजेश तिवारी, देवती कर्मा, लखेश्वर बघेल, कवासी लखमा, छबिंद्र कर्मा, मनोज मंडावी, शंकर ध्रुवा, विक्रम मंडावी, नंदनी साहू, तरसेम सिंह गिल, मलकीत सिंह गेंदू, नरेश ठाकुर, जितेंद्र सिंह ठाकुर, गंगा पोटाई दिलीप खटवानी, समेत बड़ी संख्या में संभाग के पदाधिकारी शामिल हुए। एक बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम शाम 6 बजे तक चला। इसमें बस्तर संभाग भर से कांग्रेस के दिग्गज त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नव निर्वाचित उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाकर कांग्रेसियों ने जिला प्रशासन का पुतला दहन किया।

बंद कमरे में की रायशुमारी

कांग्रेस की रीति-नीति, विचारधारा, आरक्षण, चुनाव आदि मुद्दों पर बघेल ने बंद कमरे में एक-एक पदाधिकारी को बुलाकर चर्चा की। जिलेवार उनसे लिखित में सुझाव भी लिए गए हैं। बघेल ने सभी नेताओं को बैठक की बातें लीक नहीं करने की हिदायत दी। संभाग स्तरीय सम्मेलनों के संयोजक शैलेष नितिन त्रिवेदी ने बताया कि कल 8 फरवरी को दुर्ग संभाग का कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। 9 को रायपुर में सम्मेलन रखा गया है। इसमें कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा करने के लिए कार्यकर्ताओं से विचार लिए जाएंगे। इसकी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपी जाएगी।