- Hindi News
- लापरवाह अस्पताल संचालक के खिलाफ अब तक नहीं हुई कार्रवाई
लापरवाह अस्पताल संचालक के खिलाफ अब तक नहीं हुई कार्रवाई
रायपुर| दुर्गके जेवरा सिरसा स्थित निजी अस्पताल में एक व्यक्ति का ऑपरेशन कर पेशाब की थैली निकाली गई और मरीज गंभीर हो गया। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं होता देख परिजन बुधवार को छुट्टी लेकर गांव चले गए। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक निहार अस्पताल के संचालक डॉ. जी. गौतम सर्जन डॉ. मोहित संवर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। स्वास्थ्य संचालक आर. प्रसन्ना का कहना है कि दुर्ग सीएमओ की रिपोर्ट मिल गई है और जल्द ही अस्पताल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग सीएमओ डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव अपनी रिपोर्ट में कहा है कि निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने पैसे के लालच में मरीज का ऑपरेशन कर दिया। पेशाब की थैली का जिस अस्पताल में ऑपरेशन हुआ, यह एक सामान्य क्लिनिक है। यहां पेशाब की थैली जैसे सुपर स्पेश्यालिटी ऑपरेशन नहीं हो सकता। यहां इसके लिए विशेषज्ञ यूरो सर्जन भी नहीं है। यहां अन्य गंभीर केस का ऑपरेशन की सुविधा भी नहीं है। इसके बाद भी अस्पताल संचालक डॉ. गौतम ने दुर्ग के सर्जन डॉ. मोहित संवर को बुलाकर ऑपरेशन करवाया। देवरी निवासी 55 वर्षीय पूनाराम साहू का ऑपरेशन कर पेशाब की थैली निकाल दी गई थी। वह कैंसर से पीड़ित है। निहार अस्पताल में गलती छिपाने के लिए एक के बाद दूसरा ऑपरेशन भी कर दिया गया।
इसके बाद भी मरीज के पेट से शौच पेशाब लगातार बह रहा है। मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे 17 जनवरी को अंबेडकर अस्पताल रिफर किया गया। सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. पीएम लूका का कहना है कि मरीज की हालत ऐसी नहीं है कि दोबारा ऑपरेशन कर फैल रहे संक्रमण को रोका जा सके।