- Hindi News
- आईआईटी खड़गपुर करेगा प्रदेश के युवाओं को उद्यमी बनने प्रेरित
आईआईटी खड़गपुर करेगा प्रदेश के युवाओं को उद्यमी बनने प्रेरित
आईआईटीखड़गपुर छत्तीसगढ़ के युवाओं को उद्यमी बनने प्रेरित करेगी। इसके लिए राज्य की कॉस्मिक विजन रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड ने आईआईटी खड़गपुर के सेल के साथ अनुबंध किया है। इसके तहत प्रदेश के दो युवाओं का चयन नवंबर में रायपुर में आयोजित फाइनल राउंड में होगा। जिसमें विजेता प्रतिभागी को 21 हजार रुपए और रनरअप को 11 हजार रुपए से पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ बिजनेस प्लान में एंजिल इन्वेस्टर्स और वेंचर कैपिटलिस्ट इनवेस्ट भी करेंगे ताकि वे अपना उद्योग उपक्रम डाल सकें।
कॉस्मिक विजन ग्रुप के अंकुर केडिया ने बताया कि इसमें बीबीए, बीई, बीटेक, एमबीए और पीजीबीएम कोर्स करने वाला कोई भी स्टूडेंट भाग ले सकता है। इसके लिए संस्था की वेबसाइट आईडीईओएनएन14 डॉट सीवीरिसोर्ससेस डॉट इन में पांच सौ शब्दों में अपना बिजनेस प्लान ई-मेल करना होगा। इसकी अंतिम तारीख 27 सितंबर है। इसमें से दो सर्वश्रेष्ठ प्लान का चयन आईआईटी खड़गपुर के सेल द्वारा किया जाएगा। इन्हें रायपुर में आयोजित फाइनल राउंड में बैठने का मौका मिलेगा। फाइनल राउंड की तारीख विद्यार्थियों को उनके ई-मेल पर भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया इसकी पूरी जानकारी प्रदेश के सभी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज को दे दी गई है। विद्यार्थी अपने कॉलेज से भी इसकी जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने बताया की इसमें प्रवेश नि:शुल्क है। इसके लिए आवेदकों को कहीं पर भी कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है।