- Hindi News
- लिटिया में दो लाख की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
लिटिया में दो लाख की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
बोरीथाना अंतर्गत ग्राम लिटिया में एक घर से आलमारी बाहर निकालकर खेत में ले जाने के बाद उसे तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात नकद की चोरी करने वालों को क्राइम टीम ने पकड़ा। आरोपियों के पास से 58 हजार रुपए नकद जेवरात जब्त किए गए। मामले में बोरी पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है।
शहर क्राइम प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि घटना 29 अगस्त के रात की है। लिटिया निवासी जिब्राइल पिता इस्लाम मोहम्मद के घर में आरोपी घुसे। घटना समय घर में कोई नहीं था। सूनेपन का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने आलमारी को बाहर निकाला। उसे तोड़कर जेवरात एवं नकदी ले भागे। करीब दो लाख रुपए के सामानों की इस दौरान चोरी की गई।
मामले में पुलिस ने धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। क्राइम टीम के संतोष मिश्रा, अशोक साहू, इसराफिल खान, सुरेश बनाफर, विनोद सिंह सहित अन्य अंजोरा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी आरोपी गोविन्दा उर्फ ब्रिज लाल पारधी, एवं फूलचंद पारधी को उन्होंने पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने लिटिया में चोरी की घटना को स्वीकारा। इसके अलावा नवरात्र के समय रायपुर स्थित एक मकान से पेटी को बाहर निकालकर नकदी जेवरात की चोरी स्वीकारी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की है। मामले में पुलिस विवेचना जारी है।