- Hindi News
- दुर्ग की सड़कों पर चलना भी मुश्किल : वोरा
दुर्ग की सड़कों पर चलना भी मुश्किल : वोरा
दुर्ग|लोक निर्माणविभाग के ईएनसी डीके प्रधान मंगलवार को दुर्ग सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेने पहुंचे। इस दौरान दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा भी कांग्रेसी पार्षदों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने ईएनसी को बताया कि शहर की सड़कों की हालत खराब है। यहां की एक भी सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। इस बारे में वे लगातार शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। आज स्थिति यह है कि सड़कों पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़कों का नए सिरे से डामरीकरण तो दूर, उसका मेंटेनेंस भी नही कराया जा रहा है। जहां पर डामरीकरण हो रहा है उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। पूर्व में जिन सड़कों का डामरीकरण हुआ था, वह पहली बारिश में ही धुल गई। विधायक ने शिवनाथ नदी के जर्जर पुल के लिए स्वीकृत राशि से काम भी शीघ्र शुरू कराने को कहा। इस दौरान वार्ड नं. 48 के पार्षद देवकुमार जंघेल ने ईएनसी से मांग की कि सिविल लाइन, नई पुलिस लाइन और पांच बिल्डिंग क्षेत्र के सरकारी आवास जर्जर हो गए हैं। इसलिए उनकी भी मरम्मत कर रंग रोगन कराया जाए।
ईएनसी डीके प्रधान ने आश्वस्त किया कि वे जरूरत के अनुसार स्वयं सड़कों का निरीक्षण करेंगे। सड़कों के डामरीकरण भी शीघ्र शुरू कराएंगे। शिवनाथ नदी पुल का टेंडर प्रक्रिया में है।