शिकायतें हल करें नहीं तो कार्रवाई : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त एसके सुंदरानी ने गुरुवार को डाटा सेंटर में अफसरों की बैठक ली। उन्होंने टीएल, जनदर्शन व निगम में आने वाली शिकायतों के निराकरण में देरी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारी इसे गंभीरता से लें। अन्यथा शिकायतों के निराकरण में देरी पर अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
आयुक्त ने कहा कि निगम के 60 वार्डों में सहायक राजस्व निरीक्षक हैं। वे वसूली कार्य के साथ ही शिकायतों व आवेदनों के संबंध में मौके पर जाकर जांच करें। तत्काल रिपोर्ट बड़े अफसरों को दें। आवेदनों को अपने पास ना रखें, उन्हें देखें, समझें और जल्द निराकृत करें। आए आवेदनों में अपनी तरफ से कोई मतलब ना निकालें। उन्होंने कहा कि टीएल बैठक में कलेक्टर द्वारा शिकायतों की समीक्षा की जाती है। जवाब हमसे पूछा जाता है। शिकायतों के निराकरण की जिम्मेदारी आपकी है, इसलिए इसे समय पर पूरा करें। उन्होंने तमेर पारा में किल्ला मंदिर के पास अवैध अतिक्रमण, पेंशन नहीं मिलने की समस्या, महिला समृद्धि बाजार में गलत आवंटन, आईएचएसडीपी आवास में टायलेट की समस्या, राशन कार्ड में नाम जोड़ने व हटाने, स्वर्ण जयंती योजना में ऋण, निगम क्वार्टरों की जानकारी, राशन दुकान निर्माण, बेरोजगारी भत्ता, अवैध डेयरी संचालन, निदान 1100 से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की।
डाटा सेंटर में हुई कार्रवाई पर आयुक्त ने अफसरों से जताई नाराजगी।