महिलाएं रेडी टू ईट का करेंगी निर्माण
15 स्व सहायता समूहों को मिलेगा मौका
भास्करन्यूज | अंकिरा
नए स्व-सहायता समूह की महिलाएं अब रेडी टु ईट का निर्माण एवं वितरण करेंगी। इसके लिए जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा अनुशंसा एवं अनुमोदन कर चयन किया जा चुका है एवं संबंधित समूहों को आदेश प्राप्त हो चुका है। विकासखंड फरसाबहार के बारो, मेंडरबहार, अंकिरा सहित जिले के 15 नए स्व-सहायता समूह अब कमान संभालेंगे। इसके लिए अनेक समूह की महिलाएं पुनः उत्साहित होकर तैयारी करने लगी हैं।
हालांकि इनके द्वारा एक वर्ष पूर्व ही उत्साहित होकर आवेदन एवं अभिरूचि प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। वे सारी तैयारी कर आदेश का इंतजार कर रहीं थीं। पर साल भर चले विभिन्न चुनाव के कारण आचार संहिता एवं विभाग प्रमुखों के अदला-बदली के कारण प्रकिया थम सी गई थी।
उल्लेखनीय है कि अधिक से अधिक स्व-सहायता समूहों को लाभ दिलाने के उद्देश्य शासन द्वारा 2014 में नई गाइड लाइन जारी की थी। जिसके तहत जो समूह 2 से ज्यादा सेक्टरों में पूरक पोषक आहार का निर्माण एवं आपूर्ति कर रहे हैं। उनकी जगह संबंधित सेक्टर के अंतर्गत गांव के समूह द्वारा संचालन किया जाना है। साथ ही एक समूह द्वारा एक ही सेक्टर का संचालन करना है। जिससे नए समूहों को भी लाभ मिलने के साथ साथ पोषक आहार निर्माण में भी सहजता एवं गुणवत्ता बनी रहे।