शराब, जुआ मुक्त पारंपरिक रासमेले का हुआ आयोजन
गुरुवार की रात बाबूसाजबहार के पटेल पारा में रासमेला का आयोजन शांतिपूर्वक हुआ। शराब एवं जुआ से विमुक्त इस आयोजन को लोेगों ने जमकर सराहा। साथ ही दैनिक भास्कर द्वारा की गई इस पहल से क्षेत्र वासियों ने भास्कर के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि ‘रासमेले में असामाजिक तत्व सक्रिय,चलता है जुआ शराब’ शीर्षक से दैनिक भास्कर ने 31 जनवरी के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था।
इसके बाद बाबूसाजबहार के ग्रामीणों ने इसे गंभीरता से लिया एवं उन्होंने शराब, जुआ मुक्त रासमेला आयोजित करने की ठान ली। मेला समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाकर इसे सकुशल पुरा किया। इसके बाद क्षेत्र में होने वाले अनेक गांव के लोगों द्वारा इसका अनुकरण शुरू कर दिया गया है। बाबूसाजबहार में पूर्व सरपंच बासुदेव नायक, मेला संचालन करने वाले अध्यक्ष सहदेव राणा सहित अनेक लोेगों ने दैनिक भास्कर की इस पहल की जमकर सराहना की एवं कहा कि अपने पुरखों द्वारा शुरू की गई इस धार्मिक परंपरा को शांति पूर्वक चलाने के लिए दैनिक भास्कर की महत्वपूर्ण भूमिका भी पहल की है। जिससे भविष्य में होने वाले यात्रा-मेला में शराब-जुआ पूरी तरह से प्रतिबंधित होने से कई आपराधिक घटना की आशंका कम हो गई है। अब लोग निर्भिक होकर ऐसी धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे। वहीं कोल्हेनझरिया, खारीबहार, सागजोर सहित भविष्य मे रासलीला आयोजन होने वाले अनेक गांव के मेला समिति के सदस्यों ने इसे एक अच्छी पहल बताया एवं आने वाले दिनों में इस पर पूरी तरह अंकुश लगाकर मेला आयोजित करने की बात कही।