श्रमदान कर बनाया अस्थाई स्टाॅप डेम
अब तुमला क्षेत्र के ग्रामीणों को निस्तारी के लिए पर्याप्त पानी मिल जाएगा। ग्रामीण नहाने-धोने सहित सारा कार्य आसानी से कर सकेंगे। शिक्षक हरेकृष्ण साहू के नेतृत्व में रासेयो के विद्यार्थियों द्वारा कोकिया नाला में अस्थाई स्टाप डेम बनाया गया है। उन्होंने सीमेंट की खाली बोरियों में रेत डालकर पानी को रोका है, जिसमें विशेषकर भरी गर्मी के समय भी यहां जल का पर्याप्त भंडारण रह पाएगा। इससे तुमला, गोलिडिह, पकरीडीपा सहित क्षेत्र के दर्जनों टोले-मजरों के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में गर्मी के दिनों में जल संकट गहरा जाता है। इससे पेयजल की मारा-मारी बढ़ जाती है। ऐसे में नहाने-धोने जैसे निस्तारी के लिए पानी मिलने की सोचना भी बेमानी है। हालांकि गांव में नलजल योजना, बोरिंग सहित अनेक ग्रामीणों के यहां कुआं भी है। इसके बावजूद साल-दर-साल जल स्तर गिरते रहने से गर्मी के दिनों में जल संकट गहरा जाता है। जिससे क्षेत्र के अधिकतर ग्रामीण कोकिया नाला पर ही निर्भर हो जाते हैं। पर नदी का पानी बह जाने से मात्र छोटे गड्ढों मे ही थोड़ा बहुत पानी बचता है। जिससे ग्रामीणों को नाली के छोटे गड्ढों मे जमे पानी से काम चलाना पड़ता है। इस कारण लोगों को कई बीमारियों का सामना भी करना पड़ता था। क्षेत्र के ग्रामीणों की इस विकराल समस्या को हायर सेकेंडरी स्कूल तुमला में पदस्थ शिक्षकों ने भी अनुभव किया था। लिहाजा इन्होंने अस्थाई स्टाप डेम बनाने का विचार किया एवं रासेयो विद्यार्थियों द्वारा यह कार्य पूरा किया।
सानू एक्का, सुखसागर निषाद, सीएच लकड़ा, गणेश सिंह सहित गोलीडीह तुमला सहित अनेक ग्रामीणों ने इनके इस कार्य को अच्छी पहल बताया एवं शिक्षकों सहित इन बच्चों को शुभकामनाएं दी। इसी के साथ ही अब क्षेत्र के लोगों को जल के लिए स्थाई समाधान नजर आने लगा है। जहां अपने गांव के पास ही नाला बहने के बावजूद पानी की समस्या से जूझते रहे। जहां स्कूली बच्चों ने यह कार्य कर क्षेत्रवासियों की आंखें खाेल दी। अब सरपंच कुसुमकांता टोप्पो एवं जनपद सदस्य यहां स्थाई स्टाप डेम बनाने के लिए प्रय| करेंगे। इसके लिए अधिकारियों से मिलकर अवगत कराएंगे।