कलश स्थापना के साथ भागवत कथा शुरू
बगीचा|नवरात्र केप्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा के साथ स्थानीय दुर्गा मंदिर समेत गायत्री मंदिर में ज्योति कलश की स्थापना की गई। दुर्गा पूजा समिति द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश स्थापना के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना पूजन किया गया। जिसके बाद ज्योति कलश की स्थापना की गई। दुर्गा पूजा समिति के मधुसूदन भगत ने बताया कि वर्तमान समय में सनातन धर्म को जीवंत बनाए रखने के लिए धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। जिसे सादगी के साथ पुरे मनोयोग से मनाया जाना चाहिए।
राजू जिंदल ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन से ही श्रीमदभागवत कथा का शुभारंभ किया गया है। काशी से आए कथावाचक नवीन कृष्ण वेणु हाराज कटक के स्वर मंडली द्वारा रोज सुबह-शाम भागवत कथा का पाठ किया जा रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा सुन रहे हैं। भागवत कथा से क्षेत्र में भक्ति की धारा बह रही है।
गायत्री परिवार द्वारा स्थानीय प्रज्ञापीठ में ज्योति कलश की स्थापना की गई है। जहां प्रतिदिन सामूहिक जप का कार्यक्रम किया जा रहा है। विश्वकल्याण की कामना के साथ मानसिक जप मंत्रलेखन का कार्यक्रम संपन्न किया जा रहा है। मंदिर के व्यवस्थापक संतोष सोनी ने बताया कि प्रतिवर्ष यहां कलश की स्थापना कर अखंड जप का कार्यक्रम रखा जाता है। उन्होंने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में इस सत्र को समूह साधना वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें सभी वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं। समिति की सदस्य निद्रावती चौहान ने बताया कि इस नवरात्र अनुष्ठान का विशेष महत्व है। महिला मंडल की ओर से भी इसके लिए तैयारी की गई है। ममता थवाईत ने बताया कि गायत्री महामंत्र के जप के साथ यह अनुष्ठान विशेष फलदायी होता है।