चार नक्सली गिरफ्तार
दंतेवाड़ा. पुलिसने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 4 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। कुआकोंडा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मलांगीर एरिया कमेटी का सक्रिय जनमिलिशिया सदस्य कुहरामी लिंगा उर्फ कुटा पिता हिड़मा निवासी बड़े बेड़मा, देवाराम मरकाम पिता मड़कामी हुंगा निवासी छोटे बेड़मा, कमलू पिता कुहरामी गंगा निवासी बड़े बेड़मा शामिल हैं। तीनों आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट डकैती के मामलों में स्थाई वारंट जारी किए गए थे। तीनों पर 5-5 हजार रूपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक कुहरामी लिंगा देवाराम बड़े बेड़मा कुंजामपारा में 8 दिसंबर 2008 को भीमाराम कुंजाम से मारपीट कर जख्मी करने, 18 सितंबर 2009 को बड़े बेड़मा किडरीरास के मध्य आम बगीचा में हुंगाराम पोयाम की हत्या करने, 16 अगस्त 2010 को कुआकोंडा में नवनिर्मित तहसील कार्यालय को विस्फोट से क्षतिग्रस्त करने, 15 जून 2011 को बड़े बेड़मा में सोनी सोरी के पिता मुंडरा सोरी को गोली मारकर घायल करने और घर में लूटपाट आगजनी, 24 नवंबर 2013 को छोटे बेड़मा में सुक्का पोड़ियामी की हत्या, 8 नवंबर 2014 को भूसारास घाटी में सड़क खोदकर मार्ग अवरूद्ध करने की वारदात में शामिल थे। तीसरा आरोेपी कमलू बड़ेबेड़मा कुंजाम पारा में भीमाराम से मारपीट कर घायल करने की घटना में संलिप्त था।