सुरक्षाकर्मियों ने मनाया शौर्य दिवस
बालकोकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने देश का शौर्य दिवस मनाया। सेक्टर-5 स्थित डॉ. अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि बालको के सामुदायिक संबंध प्रमुख बीके श्रीवास्तव ने कहा कि बालको के उत्पादन, उत्पादकता और संयंत्र सहित विभिन्न प्रचालन क्षेत्रों में सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने में सुरक्षाकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े सभी कर्मचारियों को आयोजन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि बालकोनगर थाना प्रभारी विवेक शर्मा ने आयोजन के लिए बालको सिक्योरिटी परिवार की प्रशंसा की।
बालको के प्रशासन महाप्रबंधक सिक्योरिटी प्रमुख कर्नल डीएस भाटी ने कहा कि पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत पूरे देश के नागरिकों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि देश की सीमा पर तैनात जवान राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं, ठीक वैसे ही देश की शान और छत्तीसगढ़ के एकमात्र एल्यूमिनियम उद्योग बालको की सुरक्षा में सुरक्षाकर्मी उत्कृष्ट सेवा का परिचय दें। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान से हुई। इस अवसर पर बालको के टाउनशिप प्रमुख विनोद जी. नायर, मुख्य सुरक्षा अधिकारी पीएस नीलकंठ सामुदायिक संबंध सह महाप्रबंधक आशीष रंजन मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छों से किया गया। सुरक्षा गार्ड मिलोर किंडो, सुरक्षा सुपरवाईजर टीपी शुक्ला, कनिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अहमद अली ने उत्कृष्ट भागीदारी की।
शहीदों को श्रद्धांजलि देते अिधकारी-कर्मचारी गार्ड