पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिजली कटौती का विरोध विधायक ने दिया धरना

बिजली कटौती का विरोध विधायक ने दिया धरना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्षेत्रमें हो रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में शनिवार को क्षेत्रीय विधायक चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व में नागरिकों ने विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव एवं धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे विद्युत मंडल के अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्युत कटौती बंद करने की मांग की गई। नगर को ग्रामीण फीडर से शहरी फीडर में नहीं जोड़ने पर पुन: उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।

नगर में पिछले कई माह से विद्युत की आंख मिचौली जारी है। समय बे समय बिजली गुल होने के अंतहीन सिलसिला ने लोगों को परेशान कर दिया है। इससे क्षुब्ध होकर विधायक के नेतृत्व में नागरिकों ने विद्युत मंडल कार्यालय बलोदा के सामने पांडाल लगाकर धरना प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए विधायक चुन्नीलाल साहू ने कहा कि चुनाव के समय में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने प्रदेश जीरो पावरकट प्रदेश बनाने का एलान किया था, जो कि सिर्फ चुनावी वादा बनकर रह गया है। बलौदा सहित पूरे प्रदेश में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। किसानों के पंच बंद पड़े हैं।

साहू ने कहा कि अकलतरा 33 केवी से बलौदा तक की 14 किमी लाइन दो वर्ष से खींची जा चुकी है। फिर भी इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है जो कि दुख का विषय है। इस दौरान सीएसइबी से एई एसके शुक्ला धरना स्थल पर पहुंचे तथा उन्होंने विधायक से ज्ञापन लिया। श्री शुक्ला ने मांगो का ज्ञापन उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर यथाशीघ्र समस्या का निदान करने की बात कही। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। धरने में प्रमुख रूप से ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रामगोपाल रात्रे, नपं अध्यक्ष केवलचंद जैन, सरपंच संघ अध्यक्ष उत्तम पाटले, प्रभाकर सिंह, रफीक मोहम्मद, राजा कश्यप, अनूप देवांगन, अनिल शुक्ला, ताराचंद गुप्ता, शत्रुहन पटेल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

धरना प्रदर्शन में बैठे विधायक अन्य।

15 दिन का समय

आंदोलनस्थल पर विद्युत मंडल के अधिकारी पहुंचे और विधायक को बहुत जल्द व्यवस्था दुरूस्त करने की बात कही। विधायक साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 दिन के अंदर विद्युत व्यवस्था नहीं सुधरी तो पुन: जन आंदोलन होगा।