चोरी की बाइक खपाने आए आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा
अकलतरा | चोरी की बाइक खपाने की फिराक में नगर में घूम रहे एक युवक को क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ लिया। आरोपी खुद एक बाइक में सवार हाेकर घूम रहा था और दूसरी मोटरसाइकिल संजय नगर के पुल के पास लावारिस हालत में छोड़ दिया था।
क्राइम ब्रांच को मुखबीर से सूचना मिली कि वार्ड नं. 4 संजय नगर के पास एक युवक द्वारा बाइक लेकर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा, एसआई दिलीप सिंह की टीम संजय नगर पहुंची। वहां पहुंचने पर युवक बाइक के साथ मिला। क्राइम ब्रांच के टीम को युवक से बाइक का कोई भी कागजात नहीं मिला। क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा युवक को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने बाइक क्र. सीजी 22-2568 सीडी डीलक्स को भाटापारा जिला बलौदा बाजार के कुछ दिनों पूर्व चोरी करने की बात कबूली। कड़ाई से पूछताछ करने पर संजय नगर के पुल के पास एक अन्य मोटर साइकिल को लावारिस हालत में छोड़ने की बात बताई। संजय नगर के पुल के पास से क्राइम ब्रांच की टीम ने बाइक क्र. सीजी 07 एलएक्स 2061 सीडी डीलक्स को पकड़ा।
इस बाइक को भिलाई से कुछ दिनों पूर्व चोरी की गई थी। आरोपी युवक 25 वर्षीय मल्हार थाना क्षेत्र के बकरकुदा निवासी टीका बर्मन पिता उज्जैन बर्मन को पुलिस ने धारा 379 के तहत गिरफ्तार कर दोनों बाइक को जब्त कर लिया है।