लावारिस रिसीवर का प्लग लगाते ही विस्फोट
लावारिसपड़े डीटीएच के रिसीवर को उठाकर युवक ने घर में ले जाकर जैसे ही प्लग लगाया, उसमें जबरदस्त धमाका हुआ। इससे युवक जख्मी हो गया। साथ ही वहां सो रही उसकी दो बहनों को भी चोंटे आई।
मामला ग्राम हर्री डोंगरीटोला तिराहे का है। जहां रहने वाले 18 वर्षीय कृष्ण कुमार गुप्ता पिता रमेश कुमार ने बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे घर का दरवाजा खोला। देखा बाहर बाउंड्रीवॉल पर डीटीएच का रिसीवर पड़ा है। इस बारे में उसने अपनी मां से पूछा तो उसने कहा पड़े रहने दाे जिसका होगा ले जाएगा। युवक नहीं माना रिसीवर अंदर ले आया। सिलाई मशीन की डेस्क पर उसे रखकर जैसे ही प्लग स्विच में लगाकर अॉन किया जोरदार धमाका हुआ। इसकी आवाज दूर तक सुनी गई। विस्फोट से घर के छप्पर में लगी एस्बेस्टस की शीट में दरार गई, छेद भी हो गए। जबकि सिलाई मशीन भी कमरे के कोने में जा गिरी। विस्फोट से रिसीवर घर में लगा शीशा चकनाचूर हो गया और उसके टुकड़े युवक के हाथ-पैर पेट में धंस गए। इसमें उसकी बहनें 19 वर्षीय बहन रानी गुप्ता 15 वर्षीय बहन प्रिया भी घायल हो गईं। घटना के बाद लहुलुहान कृष्ण कुमार चिल्लाते हुए बाहर निकला। आस-पास के लोगों ने संजीवनी एक्सप्रेस 108 को फोन कर बुलवाई। इसमें तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला में लाकर भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बहनों को छुट्टी दे दी गई जबकि कृष्ण कुमार की हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया।
एक्सपर्ट ने लिए नमूने
बिलासपुर से आए फॉरेंसिक एक्सपर्ट डाॅ. एसएन विश्वास ने पुलिस के साथ मौके पर जाकर वहां बिखरे पड़े रिसीवर के टुकड़ों आदि के नमूने लिए। इसकी जांच करने के बाद देर शाम उन्होंने बताया कि इसमें विस्फोटक तो नहीं लग रहे हैं। शॉर्ट सर्किट की वजह से धमाका हुआ है।
पहले भी इसी तरह की घटना में एक जान गई थी
हर्री के गिरवर में वर्ष 2008 में इस तरह की घटना हो चुकी है। लालपुर मुख्य मार्ग पर देवीचौरा में एक बाड़ी में लावारिस डेक पड़ा मिला था। पास के मकान मालिक का 6 वर्षीय लड़का उसे उठा लाया। उसने घर में लाकर स्विच में जैसे ही लगाया, विस्फोट हो गया। इसमें लड़के की मौत हो गई थी। उसमें डेटोनेटर साइिकल के छर्रे का इस्तेमाल किया गया था। पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई इस घटना के आरोपी भी पकड़े गए थे।
देर शाम िसम्स पहुंचा घायल कृष्ण।