शिक्षाकर्मियों की हड़ताल स्थगित
भास्कर न्यूज | जांजगीर- चांपा
शिक्षाकर्मियों की 15 फरवरी से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। पंचायत और शिक्षामंत्री से हुई चर्चा के बाद शिक्षाकर्मियों ने 14 जनवरी को बैठक कर आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।
इस संबंध में शिक्षाकर्मियाें का कहना है कि मांगों को लेकर मंत्रियों के सकारात्मक रूख को देखते हुए अभी आंदोलन नहीं करने का फैसला लिया गया है। छत्तीसगढ़ पंचायत शिक्षक संघ के जिला सचिव बोधीराम साहू ने बताया कि पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर के बुलावे पर संघ के प्रतिनिधि मंडल ने प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में भेंट कर समस्या और मांगों से अवगत कराया।
छठवां वेतनमान, संविलियन समेत अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई। प्रतिनिधि मंडल में शामिल बोधीराम साहू ने बताया कि मंत्री ने शिक्षाकर्मियों का वेतन कम होने की बात कहते हुए मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद शिक्षा मंत्री और पंचायत सचिव से भी प्रतिनिधि मंडल की चर्चा हुई। इसके बाद संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने बैठक कर अभी आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया।