वेलेंटाइन डे: विहिप का पहरा
एनएसयूआई ने वेलेंटाइन डे के विरोध में किया नेक काम
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा वेलेंटाइन डे के विरोध में नेक काम किया गया। वेलेंटाइन डे के विरोध स्वरूप इस दिन को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चप्पल डे के रूप में मनाते हुए नगर के गरीबों को मुफ्त में चप्पल और जूते बांटे। एनएसयूआई के इस विरोध के बहाने गरीबों को पहनने के लिए चप्पल और जूते मिल गए।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने, रेल्वे स्टेशन के सामने एवं नगर के शास्त्री चौक के पास मार्ग में आवागमन करने वाले गरीबों को चप्पल एवं जूते का वितरण किया गया। इस दौरान वेलेंटाइन डे के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार से भी लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अंकित सिंह सिसोदिया ने कहा कि वेलेंटाइन डे पश्चिमी सभ्यता है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विकसित देश में वेलेंटाइन डे का आज विरोध करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा चप्पल डे मनाते हुए गरीब जनों को चप्पल एवं जूते का वितरण किया गया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविन्द्र साहू ने कहा कि वेलेंटाइन डे को युवा वर्गों द्वारा गुलाब फूल एवं प्रेम का इजहार करके मनाया जाता है। वेलेंटाइन डे भारत की संस्कृति न होकर पाश्चात्य देशों की संस्कृति है। आज इसका विरोध स्वरुप नगर में चप्पल डे मनाकर चप्पल एवं जूते बांटे गए। कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष महेश्वर टंडन, राजेश जैन, मून खान, भुवनेश्वर अनंत, आयुष पाण्डेय, राजकुमार सिंह, अभिजीत सोनवानी, अभिनव सोनवानी, विजय यादव, अमित यादव एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
नगर के गरीबों को मुफ्त में चप्पल बांटते एनएसयूआई कार्यकर्ता।
वेलेंटाइन डे के अवसर पर नगर भ्रमण करते विश्व हिंदू परिषद व बरजंग दल के कार्यकर्ता।
गश्त करते रहे विहिप कार्यकर्ता
विश्व हिन्दू परिषद विभाग सहमंत्री अश्वनी राठौर व बजरंग दल के जिला संयोजक चुन्नी राठौर के नेतृत्व में विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नगर में गश्त की। हालांकि इन कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक नगर का भ्रमण किया। कचहरी चौक, शारदा चौक, रेल्वे स्टेशन, बीडी महंत बालोद्यान, सरदार बल्लभ भाई पटेल गार्डन, नया बस स्टैण्ड व टीसीएल कॉलेज जाकर बजरंगियों ने निगरानी की। इस दौरान एक- दो जोड़े को समझाइश देकर घर भेजा। कहीं कोई विवाद की स्थिति सामने नहीं आई।
पाकेट मनी हुई खाली
वेलेंटाइन डे का व्यापारियों ने भी जमकर फायदा उठाया। आम दिनों की तुलना में इस दिन गिफ्ट आयटमों की कीमत डेढ़ से दो गुनी हो गई। खासकर गुलाब की कीमतों पर तो पंख लग गए थे। आमतौर पर 10 रुपए में मिलने वाला लंबी डंडी वाला लाल गुलाब 30 से 40 रुपए तक बिका। इसके अलावा अपने वेलेंटाइन के लिए लोगों ने गिफ्ट भी लिए। इसके लिए युवाओं ने अपनी पाकेट मनी से पहले से ही पैसे बचा रखे थे।