स्वरोजगार के लिए 112 लोगों को लोन मंजूर
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
जिला अंत्यावसायी विकास समिति द्वारा राष्ट्रीय निगम की विभिन्न योजनाओं के तहत जिले के 112 हितग्राहियों को 1 करोड़ 33 लाख 72 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया है। जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक र्ग और सफाई कामगार वर्गों के कल्याण और विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया।
बैठक में जांजगीर-चांपा विधायक मोतीलाल देवांगन, अपर कलेक्टर एसके पवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों के लिए संचालित मिनीमाता स्वावलंबन योजना के तहत के 15 हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। इसी तरह महिला समृद्धि योजना के तहत प्राप्त सभी 8 आवेदनों को स्वीकृत कर 30-30 हजार का ऋण स्वीकृत किया गया है। महिला समृद्धि योजना के तहत 50-50 हजार के ऋण 6 हितग्राहियों को स्वीकृत किए गए। माइक्रो क्रेडिट योजना के तहत 4 को 30-30 हजार का ऋण स्वीकृत किया गया है। ट्रैक्टर ट्राली योजना के तहत पांच हितग्राहियों को 8 लाख 39 हजार का लोन मंजूर किया गया। पैसेंजर व्हीकल योजना और गुड्स कैरियर योजना के तहत तीन-तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृत किया गया । अनुसूचित जनजाति वर्ग स्मॉल बिजनेस योजना के तहत दारंग के छतराम गोड़ व महिला सशक्तिकरण योजना के तहत सहोदरा झींका व ओहमति नगरदा को एक-एक लाख का लोन स्वीकृत किया गया है। ट्रैक्टर ट्राली योजना के तहत कासा निवासी रघुनंदन के लिए 8 लाख 39 हजार का लोन दिया जाएगा। अल्पसंख्यक वर्ग के टर्मलोन योजना के तहत नवागढ़ के सैयद विलायत , चण्डीपारा पामगढ़ के आमिन रिजवी व हाफिज मोहम्मद को एक-एक लाख का ऋण स्वीकृत किया गया । सफाई कामगार वर्ग के माइक्रो क्रेडिट योजना के तहत चांपा के नरेन्द्र सोनवानी, अश्वनी सारथी व अंजय कुमार को 50-50 हजार , संजय, शिवा, संतोष, विजेन्द्र, दुर्गेश व सुरेश कुमार के लिए 30-30 हजार का ऋण स्वीकृत किया गया है। महिला हितग्राही योजना के तहत चांपा की मंजू, पूनम, अनुराधा, चमेली, रूखमणी, भामा व खुशबु को 50-50 हजार तथा गौरी, सनकंवर, यशोदा तथा पार्वती को 75-75 हजार रूपए का ऋण स्वीकृत किया गया। बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक हरीश सक्सेना, जिला अंत्यावसयी समिति के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच आर चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।