कांग्रेस का धरना प्रदर्शन कल
जांजगीर. राशनकार्ड निरस्तीकरण के विरोध में पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेसियों द्वारा 22 सितम्बर को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश सरकार द्वारा जिले के गरीब परिवारों के राशनकार्डों को निरस्त किए जाने के विरोध में एफआईआर दर्ज कराने, मनरेगा के लंबित भुगतान, अघोषित बिजली कटौती विद्युत दर में बेतहाशा वृद्धि, किसानों से किये गए वादाखिलाफी के विरोध में और अन्य स्थानीय मुद्दों के निराकरण की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन एवं आमसभा कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेश बघेल, पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. चरणदास महंत प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने बताया कि नगर के कचहरी चौक में कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीसीसी अध्यक्ष सुबह 10 बजे दानापुर एक्सप्रेस से अकलतरा रेल्वे स्टेशन पहुंचेंगे जहां नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह विधायक चुन्नीलाल साहू की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। अकलतरा से श्री बघेल का काफिला सड़क मार्ग से दोपहर 12 बजे जांजगीर पहुंचेगा। कार्यक्रम के बाद भूपेश बघेल डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस थाने में राशन कार्ड निरस्तीकरण को लेकर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।