कृषि मंत्री ने खेती करने पर दिया जाेर
जांजगीर|छत्तीसगढ़ शासनके कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जाज्वलयदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला के तीसरे दिन आयोजित कृषक सम्मेलन में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने किसानों को उद्यानिकी, दलहन, तिलहन फसलों सहित जैविक खेती करने की सलाह दी। मंत्री ने उन्नत तकनीकों से खेती-किसानी को बेहतर आमदनी प्राप्त करने का जरिया बताते हुए बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं को भी इस कार्य से जुड़ने का आहवान किया।
उन्होंने कहा युवाओं को अधिक लाभ ज्यादा आकर्षित करता है। खेती के कार्य में ज्यादा फायदा मिलने पर युवा स्वाभाविक से रूप से इस ओर आकर्षित होगें। कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शतप्रतिशत किसानों को उनकी भूमि से संबंधी हेल्थ कार्ड प्रदान किए जाएंगे ताकि वो जमीन की आवश्यकता को देखते हुए खाद दवा का प्रयोग कर बेहतर आमदनी प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि आज हर खेत में पानी, सिंचाई के लिए बिजली, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तथा फसल क्षति पर मुआवजा के लिए बीमा की व्यवस्था राज्य सरकार कर रही है। पहले किसानों को पंप के कनेक्शन से 3 से 4 सालों तक चक्कर लगाना पड़ता था पर आज पंप कनेक्शन के एक भी प्रकरण लंबित नही रहते है। इस अवसर पर उन्होंने नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर 30 किसानों को डीजल पंप का वितरण किया। इसी प्रकार एग्रीटेक कृषि मेला के तहत पशुधन विकास विभाग द्वारा आयोजित उन्नत पशु पक्षी प्रदर्शनी के विजेताओं को शील्ड प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले और कलेक्टर ओपी चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
सीएम करेंगे समापन
जाज्वल्यदेवलोकमहोत्सव एग्रीटेक कृषि मेला का समापन समारोह 13 फरवरी को सीएम करेंगे। यूथ कॉनक्लेव समापन समारोह प्रदेश के मुखिया डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य तथा प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी अमर अग्रवाल की अध्यक्षता में दोपहर 2 बजे होगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत जिले में निर्मित 210 करोड़ रूपए के 70 विकास कार्यो का लोकार्पण शिलान्यास कर जिलेवासियों को विकास कार्योे की सौगात भी देंगे।
पशु प्रदर्शनी के िनरीक्षण के दौरान गौ माता की पूजा करते कृषि मंत्री