बैरिस्टर स्मृति समारोह आज से
जांजगीर|स्वतंत्रता संग्रामसेनानी संविधान निर्मात्री सभा के पूर्णकालिक सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की 58 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिला मुख्यालय जांजगीर में तीन दिवसीय स्मृति समारोह का आयोजन 18 सितंबर से किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय यह स्मृति समारोह जांजगीर के कचहरी चौक स्थित जय स्तंभ परिसर में होगा। बैरिस्टर स्मृति समारोह का उद्घाटन 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले के मुख्य आतिथ्य में होगा। इसके साथ ही तीन दिन तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। साहित्य, कृषि और विधि के जानकारों का सम्मेलन भी होगा। समारोह के दौरान 19 सितंबर को आयोजित होने वाले कृषक सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अमर अग्रवाल शामिल होंगे।
कृषक सम्मेलन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। प्रथम सत्र में विभागीय अधिकारियों द्वारा कृषि, मछलीपालन, उद्यानिकी, पशुपालन एवं रेशम विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के बारे में क्षेत्र के किसानों को बताया जाएगा। दूसरे सत्र में कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा नई-नई कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की खेती-किसानी से संबंधी समस्याओं का समाधान भी बताएंगे। इसी दिन बैरिस्टर छेदीलाल की प्रतिमा का अनावरण भी प्रभारी मंत्री द्वारा किया जाएगा। समारोह का समापन 20 सितंबर को सांसद के मुख्य आतिथ्य में होगा।