शिवानंद जयंती पर शिविर लगाकर किया उपचार
सत्यानंदयोग साधना केन्द्र एवं योग मित्र मंडल द्वारा शिवानंद जयंती एवं योग साधना केन्द्र के 12 वर्ष पूर्ण होने पर निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम अघोर पीठ जनसेवा अभेद आश्रम के धर्म रक्षित बाबा कापालिक राम के मुख्य आतिथ्य, सेवाश्रम बम्हनीन के फादर जोसेफ पारेकाटिल की अध्यक्षता एवं जांजगीर के समाजसेवी देवेश सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में डॉ. अमित मिरी, डॉ. श्रेया दीक्षित, डॉ. बसंत सिंह एवं स्टाफ द्वारा 200 से अधिक मरीजों की जांच कर मुफ्त में दवा का वितरण किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर, महावीर बाल संस्कार केन्द्र के छात्र-छात्राओं द्वारा योग अभ्यास का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धर्म रक्षित बाबा कापालिक राम ने कहा कि मनुष्य के लिए योग आवश्यक है। योग भारत की प्राचीन पद्धति है। लगातार योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और बीमारियां नहीं आती। फादर जोसेफ पारेकाटिल ने कहा कि सत्यानंद योग साधना केन्द्र द्वारा नगरवासियों को 12 वर्षों से नगर में योग की शिक्षा प्रदान की जा रही है। योग से असाध्य रोगों का इलाज जड़ से संभव है। देवेश सिंह ने कहा कि योग मित्र मंडल द्वारा नगर में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का जो कार्य किया जा रहा है वह सराहनीय है। योग साधना केन्द्र द्वारा स्वामी शिवानंद की पुस्तकों एवं जीवन चरित्र की पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में योग मित्र मंडल के संरक्षक डॉ. हरिकृष्ण अग्रवाल, डॉ. चंद्रशेखर बगड़िया, संजय केडिया, दीनदयाल अग्रवाल, नानकचंद अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, बद्रीप्रसाद तुलस्यान, रविकांत जैन, विक्रांत माखीजा, गोपेश तुलस्यान, सुरेश मुकीम, कृष्णकुमार चौहान, जेआर भोई, राजेन्द्र जैन, हरीश गोयल एवं समस्त सदस्यों का योगदान रहा।
कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष राजेश्वर पाटले, टीआर कौशिल, दिलदार सिंह पवार, लव सिंह चंदेल, मोहन लावनिया, चितरंजन सिंह, श्रीमती आशालता सिंह, रविन्द्र सिंह बैस, हरबिलास सिंह पवार, शिवनारायण बंजारे, सुरेन्द्र बहादुर सिंह, बंशीलाल कटकवार, एमएल साहू प्रमुख रूप से उपस्थित थे।