मिर्च पाउडर डाल कर लूटे 68 हजार
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
मंगलवार की रात सारागांव मोड़ में एक युवक ने बाइक सवार को सड़क दुर्घटना का बहाना बनाकर रोका। दोस्त के हादसे में घायल होने की बात कहकर मदद मांगी, जैसे ही वह मदद के लिए उतरा तो दोनों युवकों ने बाइक सवार की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और रुपए से भरा बैग व पर्स लूटकर भाग गए। बैग में ट्रैक्टर का किस्त पटाने के लिए वह 68 हजार रु. लेकर चांपा आ रहा था।
सारागांव पुलिस के अनुसार रिस्दा निवासी कृष्ण कुमार भैना ने करीब छह माह पूर्व सक्ती से एक ट्रैक्टर खरीदा है। कृष्ण कुमार भैना चांपा में किराए के मकान में रहता है, ट्रैक्टर का किस्त पटाने के वह पैसा लेने अपने गांव रिस्दा गया था। जहां से रात 9.30 बजे वह अपनी बाइक से अकेले लौट रहा था। वह अपने पास बैग में 68 हजार रुपए रखा था। सारागांव मोड़ में पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि रास्ते में खड़े एक युवक ने रूकने के लिए इशारा किया। सड़क पर दूसरा व्यक्ति पड़ा था। उसने बाइक रोक कर जानकारी ली तो सड़क पर खड़े युवक ने बताया कि दुर्घटना हो गई है जिसमें उसका दोस्त घायल हुआ है। उसने कृष्ण कुमार से मदद मांगी। कृष्ण कुमार मदद के लिए उतरा तो दोनों युवकों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे पहले की वह संभल पाता दोनों युवक 68 हजार रुपए से भरा बैग और उसकी जेब में रखा पर्स लूट कर भाग गए। इस दौरान उसने कुछ दूर तक दौड़ाया भी लेकिन आंख में मिर्च पाउडर और अंधेरा होने का फायदा उठाते हुए दोनों लुटेरे भाग गए। थोड़ी देर बाद कृष्ण कुमार थाना पहुंचा, उसने घटना की जानकारी दी। पुलिस मामला दर्ज कर मौके पर पहुंची तो लुटेरे बैग व पर्स का पैसा निकाल कर ले गए थे, पुलिस को बैग व पर्स खाली मिला है।
पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
लुटेरों को पहले से थी जानकारी
सारागांव मोड़ में जिस अंदाज में लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है उससे इस बात की आशंका है कि लूटे रे पहले से जानते थे कि कृष्ण कुमार मंगलवार की रात अपने घर से पैसा लेकर वापस चांपा लौटेगा। आरोपियों ने एक्सीडेंट का बहाना बनाकर उसे रोका और अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।