इलाज कराने जा रहे थे कार से, अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, एक गंभीर
जांजगीर-चांपा | बीमार व्यक्ति को इलाज कराने के लिए कार में चांपा ला रहे थे कि पीछे की सीट से अचानक बीमार व्यक्ति का पैर गियर व स्टेयरिंग में पड़ गया जिससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के नीचे पेड़ से टकरा गई। जिससे उसमें सवार लोगों को चोट आई। जिला अस्पताल से एक गंभीर बीमार को अपोलो बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल की पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक वीएन दुबे के अनुसार ठठारी निवासी धीरेंद्र सिंह की तबियत बिगड़ने पर उसे मारूति 800 कार में लेकर चांपा ले जा रहे थे। धीरेंद्र सिंह को बीच में रखा गया था। अचानक उसका पैर कार के गियर और स्टेयरिंग में जोर से पड़ा जिससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे उतर गई तथा पेड़ से टकरा गई। जिससे उसमें सवार लोगों को चोटें आई है। पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है।