20 गांव हुए खुले में शौच मुक्त
जपं अकलतरा को 15 अगस्त तक ओडीएफ बनाने का लक्ष्य।
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
खुले में शौच मुक्त होने की ओर जिले ने कदम तेजी से बढ़ाना शुरू कर दिया है। स्वच्छ भारत मिशन और मनरेगा के माध्यम से जिले में शौचालयविहीन घरों में शौचालयों का निर्माण हो रहा है। गांव-गांव में स्वच्छता को लेकर जागरूकता रैलियां, कार्यक्रम का आयोजन किए जा रहे हैं।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से अब तक 14 ग्राम पंचायतों के 20 गांव खुले में शौच मुक्त के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। यह प्रक्रिया तेजी से जारी है। पंचायत पदाधिकारी अपने गांवों को खुले में शौच से मुक्त बनाने के लिए विशेष पहल भी कर रहे हैं। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से सबसे पहले जिले के नवागढ़ ब्लाक का करमंदी ग्राम पंचायत खुले में शौच मुक्त पंचायत बना। इसके बाद इसी जनपद के मरकाडीह एवं दहिदा ग्राम पंचायत भी ओडीएफ बने। जनपद पंचायत सक्ती के ग्राम मानिकपुर (नगरदा), जिरलाडीह (पुटेकला), साजाडेरा (परसदाकला), उपकाचुआं (देवरी), पनारी (जुडगा), बासीनपाट (ऋषभतीर्थ) बनाए गए तो वहीं ग्राम पंचायत सकरेलीकला ने भी ओडीएफ ग्राम पंचायत के रूप में अपनी पहचान बना ली है। जनपद पंचायत जैजैपुर के ग्राम धौराभांठा (ठूठी), सारसडोल (भठोरा) एवं ग्राम पंचायत चोरभट्ठी भी ओडीएफ बन गए है। मालखरौदा के ग्राम पंचायत कटारी एवं आश्रित ग्राम चंदेलाडीह तो वहीं भठोरा ग्राम पंचायत एवं आश्रित ग्राम सारसडोल ओडीएफ हो चुके हैं। यह सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि धीरे-धीरे आगे बढ़ता जा रहा है। जो ग्राम पंचायत या गावं खुले में शौच मुक्त बन चुके है उनसे प्रेरित हो दूसरे ग्राम पंचायत और गांव में ओडीएफ बनने की ओर अग्रसर है। डभरा ग्राम पंचायत सिंधीतराई के साथ ही आश्रित ग्राम बेनीपाली भी ओडीएफ हो चुके हैं। पामगढ़ का ग्राम पंचायत पडरिया के साथ ही आश्रित ग्राम सिंघलद्वीप एवं हड़हा तथा ग्राम पंचायत बारगांव भी इसमें शामिल हो गए हैं। अकलतरा के ग्राम पंचायत अमलीपाली के साथ ही आश्रित ग्राम झिरिया, सोनडीह, ग्राम लिलवाडीह, खपरीडीह ओडीएफ बन गए है। बम्हनीडीह के ग्राम खम्हिया एवं ग्राम पंचायत अमरूवा तथा बलौदा के ग्राम देवरहा, बुढना अब ओडीएफ ग्राम के रूप में जाने जाते हैं।
जिले के जनपद पंचायत अकलतरा को 15 अगस्त तक पूरी तरह खुले में शौच मुक्त जनपद पंचायत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अकलतरा में 52 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ अगले छह माह के भीतर किया जाएगा। इसी उद्देश्य को लेकर अकलतरा में लिलवाडीह, खपरीडीह, झिरिया एवं सोनडीह ग्राम तथा ग्राम पंचायत अमलीपाली एवं अमरूवा खुले में शौच मुक्त बन चुके हैं।