आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
शराब पीने का था आदी, अनिवार्य रिटायमेंट के लिए लगाई थी अर्जी
भास्करन्यूज|जांजगीर
ग्यारहवींबटालियन पुटपुरा के एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। शार्ट पीएम में जहर सेवन से मौत होने की बात कही गई है। रींवा मध्यप्रदेश का महेंद्र तिवारी ग्यारहवीं बटालियन पुटपुरा में हवलदार था। उसे शराब पीने की लत थी। अधिक शराब पीने के कारण उसकी तबीयत भी ठीक नहीं रहती थी।
उसने स्वास्थ्यगत कारणों से अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन भी दिया था। रविवार की रात उसने अपने साथियों के साथ बात की, खाना खाया। अलसुबह करीब 4-5 बजे वह अपने रूम में कराह रहा था। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शार्ट पीएम में जहर सेवन का मामला बताया जा रहा है। दूसरी ओर बटालियन के कमांडेंट का कहना है कि उन्हें रिपोर्ट नहीं मिली है, पर उसके कमरे में जहर की शीशी अथवा कोई जहरीली दवाई भी नहीं मिली है। ऐसे में हवलदार की मौत का मामला संदिग्ध हो गया है।
बीमार था इसलिए नहीं गया बस्तर
कमांडेंटएमआर अहिरे ने बताया कि हवलदार महेंद्र तिवारी शराब का आदी था। बटालियन की एक कंपनी को महासमुंद से बस्तर के तकनार के लिए जाना था उस कंपनी में महेंद्र भी शामिल था। उसके स्वास्थ्य और पीने की लत के कारण कंपनी कमांडर ने उसे बस्तर ले जाने से मना कर दिया था। इसके बाद वह बटालियन से गैरहाजिर था और कमांडेंट के सामने पेश हुआ तो अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन भी किया था। श्री अहिरे ने बताया कि उसकी मौत कैसे हुई इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पर कमरे में कोई जहरीली वस्तु नहीं मिली है।