समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय में किसान कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
जांजगीर- चांपा | जिला किसान कांग्रेस कमेटी द्वारा किसानों की समस्या को लेकर जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला की मौजूदगी में धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम एसडीएम को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। धरना सभा को किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चंद्रा, प्रदेश महामंत्री विद्यानंद चंद्रा, संदीप बाजपेयी, प्रदेश सचिव श्रेष्ठ पाठक और जिला अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने संबोधित किया। सभी ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कई तरह के आरोप लगाए।
किसानों की कर्ज माफी, सिंचाई की समुचित व्यवस्था, सूखा पीड़ित क्षेत्र के किसानों को शीघ्र मुआवजा राशि दिलाने, असिंचित क्षेत्र बलौदा में नहर बनवाने, किसानों की मर्जी के बिना उनकी जमीन का अधिग्रहण नहीं करने की मांग की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
फोटो- 9 जेएएन 3
------------