राजस्व समाधान शिविर में स्कूल परिसर से हटाया अतिक्रमण
ग्राम मेथापाली में लंबे समय से लोगों ने कर लिया था बेजाकब्जा
बुलडोजर चलाकर स्कूल परिसर को किया गया अतिक्रमण मुक्त।
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
राजस्व से संबंधित विवाद का निराकरण करने जिलेभर में राजस्व समाधान शिविर लगाया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों से आवेदन लेकर उनकी समस्या का निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में डभरा क्षेत्र के गांव मेथापाली में स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाया गया। सरकारी स्कूल के आसपास गांव के लोगों ने खलिहान बना लिए थे। शिविर में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद प्रशासनिक अमले ने बुलडोजर चलवाकर स्कूल परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अनुविभागीय दण्डाधिकारी डभरा श्रीमती रीता यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत डभरा अनुभाग अंतर्गत बसंतपुर, झनकपुर, तेन्दुमुड़ी, बोरसी, रामभांठा, कर्ठरापाली को पूर्णतः राजस्व विवाद मुक्त ग्राम बनाया जा चुका है वहीं आमलोगों की मदद से अन्य ग्रामों को भी पूर्णतः राजस्व विवाद मुक्त ग्राम बनाया जा रहा है। श्रीमती यादव ने बताया कि मेथापाली के स्कूल में लंबे समय से लोगों ने बेजा कब्जा कर लिया था। इस अभियान के तहत उस स्कूल परिसर से बेजा कब्जा हटाया गया है। अभियान के तहत आयोजित शिविरों व ग्राम सभा में संबंधित पटवारी द्वारा ग्रामीणों की उपस्थिति में बी-1 पढ़कर सुनाया जा रहा है। बी-1 से ऋण पुस्तिका के मिलान के साथ ही उस गांव में फौती, अभिलेख दुरुस्ती, अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। जिन खातेदारों की ऋण पुस्तिका बहुत पुरानी हो गई है उन्हें नई ऋण जारी की जा रही है। शिविरों में स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाकर उन्हें उपस्थित जनप्रतिनिधियों के हाथों वितरित भी कराया जा रहा है।
राजस्व समाधान अभियान अब 15 मार्च तक
राजस्व समाधान अभियान अब 15 मार्च तक चलेगा। संभागायुक्त सोनमणि बोरा के निर्देशन पर राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण के लिए बिलासपुर संभाग के सभी जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का द्वितीय चरण 23 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित किया गया था। इस अभियान के तहत आयोजित शिविरों में राजस्व संबंधित समस्याओं का निराकरण किया गया है। न्यायालयीन प्रकरणों की अधिकता को देखते हुए यह अभियान 15 मार्च तक के लिए आगे बढ़ाया गया। कलेक्टर ओपी चौधरी ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजस्व समाधान अभियान के प्रथम चरण में जिन पटवारी हल्कों को राजस्व मामलों में विवाद मुक्त किया गया है।
उसके दूसरे ग्रामों के पटवारी हल्के को भी विवाद मुक्त करने की कार्यवाही प्रारंभ करें। दूर-दराज के ग्रामों में शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की राजस्व से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निराकरण और शिविरों में विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र शतप्रतिशत वितरित करने का निर्देश दिया गया है।
स्कूल परिसर से कब्जा हटाता एक्सीवेटर ।