महिला के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने वाला गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
बेरोजगार युवक ने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का ऐसा रास्ता चुना कि अपराधी बन बैठा। एक महिला को अश्लील मैसेज भेजा पुलिस ने पड़ताल के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के पिहरीद का है।
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक महिला के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने 6 जनवरी 2016 को मैसेज भेज दिया। यह मैसेज आपत्तिजनक था। अनजान नंबर से अश्लील मैसेज आने से महिला परेशान हो गई, इसकी लिखित शिकायत उसके पति ने थाना में की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने पड़ताल प्रारंभ की। अनजान नंबर होने के कारण नंबर की जांच साइबर सेल से कराई गई। जांच में यह पता चला कि जिस सिम से मैसेज भेजा गया था वह सिम व मोबाइल डभरा थाना क्षेत्र के खुरघटी निवासी युवक चूनीराम भारती पिता धन्नाराम भारती के नाम रजिस्टर्ड था। साइबर सेल से नाम व स्थान पता चलने पर पुलिस ने युवक चूनराम को पकड़ा। विवेचक एसआई आरसी पैकरा ने बताया कि युवक कुछ सनकी प्रवृत्ति का है। वह स्नातक तक पढ़ा है पर काम धंधा नहीं होने के कारण परेशान था। उसने पुलिस को बताया कि सरकार उसकी बात सुनती नहीं है, नौकरी के लिए फार्म भरता है पर लगती नहीं इसलिए उसने जो नंबर मिलता था उसी पर एसएमएस करना शुरू कर दिया था। उसी सिलसिले में उसने महिला को भी मैसेज भेज दिया था। बहरहाल पुलिस ने युवक को धारा 509 (ख) के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।