- Hindi News
- प्रधान पाठक और अफसरों ने सरपंचों को दिलाई शपथ
प्रधान पाठक और अफसरों ने सरपंचों को दिलाई शपथ
प्रधान पाठकों ने कराया सम्मिलन
अपनीमांगों को लेकर पंचायत सचिव 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सचिवों संघ द्वारा पूरे प्रदेश में 11 फरवरी से ही हड़ताल पर जाने का फैसला इसलिए लिया गया था, क्योंकि इसी दिन नवनिर्वाचित सरपंचों को शपथ दिलाने की शासन ने योजना बनाई थी। सचिव इसी दिन से आंदोलन का आगाज कर शासन- प्रशासन को अपनी अनुपस्थिति में काम प्रभावित होने का अहसास दिलाने वाले थे,लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एक ओर सचिव पंडाल लगाकर ब्लाक मुख्यालयों में धरने पर बैठे रहे और दूसरी ओर पंचायतों में प्रथम सम्मिलन होता रहा। प्रधान पाठक, करारोपण अधिकारी और कृषि विस्तार अधिकारियों ने सचिवों का काम संभाला। अधिकांश पंचायतों में सरकारी स्कूल के प्रधान पाठकों ने नवनिर्वाचित सरपंचों और पंचों को शपथ दिलाकर प्रथम सम्मिलन संपन्न कराया।
अब 23 फरवरी को उप सरपंच के चुनाव की तिथि निर्धारित की गई है। इस दिन भी इसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था कर प्रक्रिया पूरी करने की जिला प्रशासन ने तैयारी की है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा 11 फरवरी से पूरे राज्य में क्रमबद्ध अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है। निजी खाते में वेतन भुगतान करने, सहायक आंतरिक करारोपण अधिकारी के पद पर 100 प्रतिशत पदोन्नति करने, पूर्वकालीन पेंशन , 5 लाख रुपए का बीमा लाभ , चतुर्थ श्रेणी के पद पंचायत विभाग में स्वीकृत करते हुए सचिवों के परिवार के न्यूनतम योग्यता वाले को अनुकम्पा नियुक्ति के अलावा वेतनमान बढ़ाने की मांग को लेकर सचिव अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल की सूचना संबंधित अधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी। जिसके कारण शासन- प्रशासन ने पंचायतों में होने वाले प्रथम सम्मिलन में सचिवों का काम संभालने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली। अब 23 फरवरी को होने वाले उप सरपंच के निर्वाचन के सम्मिलन का कार्य प्रभावित हाे इसलिए कलेक्टर ने सभी जनपदों के सीईओ को सचिव के कार्य संपादन के लिए छग.पंचायतराज अधिनियम 1993 के प्रावधानों का पालन करते हुए कर्मचारियों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधान पाठक ने दिलाई शपथ
गोधनानवागढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गोधना में प्रधान पाठक छबिलाल साहू ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। सरपंच महाबीर अजगले पंचों ने पद गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह सम्मिलन में रोजगार सहायक सुरेश कुर्रे भी उपस्थित थे।
सचिव हड़ताल पर, सरपंचों ने ली शपथ
मालखरौदाब्लाक के सभी ग्राम पंचायतों का प्रथम सम्मिलन 11 फरवरी को हुआ। बुधवार से ही सभी पंचायतों के सचिव प्रदेश पंचायत सचिव संघ के बैनर तले अनिश्चित कालीन आंदोलन पर चले गए हैं। सभी ग्राम पंचायतों में प्रथम सम्मिलन के लिए कलेक्टर ने वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए थे। पंचायतों के प्रथम सम्मिलन के लिए करारोपण, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी प्रधान पाठकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
सरपंच पंचों ने किया पदभार ग्रहण
सक्तीजनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित सरपंचों को पद गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पंचायत सचिवों के प्रदेश पंचायत सचिव संघ के बैनर तले अनिश्चित कालीन आंदोलन पर जाने के कारण सभी ग्राम पंचायतों में प्रथम सम्मिलन कराने करारोपण अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी प्रधान पाठकों की ड्यूटी लगाई गई थी। ग्राम पंचायत डोड़की में नवनिर्वाचित सरपंच सहित सभी पंचों को मिडिल स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक सैयद अब्दूल सलाम ने शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती फूलबाई साहू समेत सभी 12 वार्डों के पंचों शपथ ली।
ग्राम पंचायत दुरपा में सुषमा यादव ने ली शपथ।