पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पैसा नहीं देने पर कृषि विस्तार अधिकारी नहीं लेता आवेदन

पैसा नहीं देने पर कृषि विस्तार अधिकारी नहीं लेता आवेदन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सक्तीविकासखंड के ग्राम सरवानी के ग्रामीणों ने जनदर्शन में कलेक्टर के सामने कृषि विस्तार अधिकारी के खिलाफ गंभीर शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त अधिकारी द्वारा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पैसे की मांग की जाती है। पैसा नहीं देने पर योजनाओं से संबंधित आवेदन तक स्वीकार नहीं किया जाता। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एसडीएम को निर्देशित किया है।

कलेक्टर ओपी चौधरी ने साप्ताहिक जनदर्शन में नवागढ़ विकासखंड के ग्राम खिसोरा के ग्रामीणों की मांग पर वहां एक नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी को निर्देश दिए। अकलतरा विकासखंड के ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब बेचने वालों की शिकायत की। कलेक्टर ने आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देशित किया। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कामता की महिलाओं ने वृद्धावस्था पेंशन समय पर नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पोस्ट आफिस से पेंशन का भुगतान होता है। पोस्टमास्टर की लापरवाही के कारण पेंशन भुगतान में विलंब हो रहा है। सक्ती विकासखंड के ग्राम बेल्हाडीह के नागरिकों ने सहकारी उचित मूल्य की दुकान से आबंटन से कम राशन वितरण करने की शिकायत की। डभरा विकासखंड के ग्राम पेण्डुरवा के लोगों ने ग्राम पंचायत सचिव द्वारा इंदिरा आवास योजना का आवास अपात्र लोगों को देने की शिकायत की।