- Hindi News
- जगह जगह आज विराजेंगे देव शिल्पी विश्वकर्मा
जगह-जगह आज विराजेंगे देव शिल्पी विश्वकर्मा
देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की स्थापना बुधवार को शहर के बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर की जाएगी। बस स्टैंड में एजेंट एसोसिएशन, संपूर्ण मोटर कर्मचारी संघ एवं विश्वकर्मा पूजन समिति तैयारियां पूरी कर चुकी हैं। भगवान विश्वकर्मा कर्म के देवता माने जाते हैं। उन्हें देवलोक का शिल्पी भी कहा जाता है।
फैक्ट्रियों, लघु कुटीर उद्योगों, ट्रांसपोर्ट अन्य मशीनरी क्षेत्रों के कर्मकार धूमधाम से भगवान विश्वकर्मा की पूजा करते हैं। शहर के बस स्टैंड में तीन दिनों तक भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर उनकी अराधना की जाएगी। इस दौरान यहां की रौनक देखने लायक रहती है। पूजन के लिए पूरे बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्र को रंगीन विद्युत बल्ब की झालरों से सजाया गया है। देव शिल्पी के दर्शन के लिए तीनों दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। यहां बस स्टैंड में एजेंट एसोसिएशन एवं विश्वकर्मा पूजन समिति आयोजन की तैयारियां तकरीबन पूरी कर चुकी है। यहां पंडाल निर्माण किया गया है। संघ के सुनील मिश्रा एवं रविंद्र पाठक ने बताया कि पूजन पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। 17 सितंबर की सुबह 9 बजे भगवान की स्थापना की जाएगी। हर दिन शाम 7 बजे आरती की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को गाजे.बाजे और शोभा यात्रा के साथ देव शिल्पी का विसर्जन किया जाएगा।
पूजन की तैयारियों में नरेश सिंह, भुवनेश्वर यादव, मनीष गुप्ता, नंदकिशोर गुप्ता, गोविंद प्रधान, विनोद तीड़ू, योगेश सिंह सहित सभी सदस्य उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
कहां-कहां होगी स्थापना
बसस्टैंड के अलावा गम्हरिया,कलेक्टोरेट के सामने, दरबारी टोली, लोक निर्माण विभाग कार्यालय में भी देव शिल्पी की स्थापना की जाएगी। साथ ही जिन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में मशीनों का उपयोग होता है, वहां भी विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा होगी। इन सारे स्थानों पर प्रतिमा स्थापित करने की सारी तैयारियां हो चुकी हैं। बस स्टैंड में विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर 18 सितंबर को कोलकाता के कलाकारों का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है।