एग्जाम में हताश नहीं होने की दी सलाह
जिले भर में सुना गया रमन के गोठ कार्यक्रम
भास्कर न्यूज | जशपुरनगर
जिले में रमन के गोठ की छठवीं कड़ी का प्रसारण उत्साह के साथ सुना गया। यहां के जिला ग्रंथालय में सामूहिक रूप से रमन के गोठ सुनने के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी।
यहां नगर पालिका अध्यक्ष हीरूराम निकुंज सहित अन्य पार्षद एवं शहर के नागरिक सहित एएसडीएम सुनील नायक, नगरपालिका सीएमओ प्रकाशचंद्र कश्यप, बीईओ यादव, परियोजना समन्वयक आरएमएस श्री जाटवर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने गोठ में वार्षिक परीक्षाओं के इस मौसम में प्रदेश के लाखों बच्चों को पूरी मेहनत और लगन के साथ परीक्षा देने की सलाह दी है।
इसके साथ ही उन्होंने बच्चों से कहा है कि परीक्षा में कम नंबर मिलने पर हताश होने की जरूरत नहीं है। बल्कि जीवन के संघर्ष में खेल भावना के साथ आगे बढऩे की जरूरत है। उन्होंने हिन्दी और छत्तीसगढ़ी दोनों भाषाओं में श्रोताओं के सामने अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और यौन अपराधों की वजह से पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए अपनी सरकार की वचनबद्धता को भी दोहराई।
उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिले, इसके लिए कानून में जितनी सख्ती और कठोर दंड का प्रावधान हो सकता था, वह किया गया है और उनकी मदद के लिए राजधानी रायपुर में देश के प्रथम सखी वन स्टाप सेंटर की भी स्थापना की गई है।
रमन का गोठ को सुनते नगरपालिका अध्यक्ष व अन्य लोग।